हरियाणा के सिरसा में धुंध से मंगलवार सुबह हादसा हो गया। सिरसा के ओढां में राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 9 पर रामदेव मंदिर के निकट धुंध की वजह से तीन ट्रक और कार की भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में 3 लोग घायल हो गए हैं।
सूचना मिलने के बाद ओढां पुलिस मौके पर पहुंची और रुट डायवर्ट करवाया। घटना के बाद लोगों में रोष फैल गया। लोगों का कहना है कि नेशनल हाईवे पर रामदेव मंदिर के निकट रखे गए कट की वजह से यहां अकसर दुर्घटनाएं होती हैं। इससे पहले कट की वजह से अनेक जान जा चुकी हैं लेकिन नेशनल हाईवे अथॉरिटी इस और कोई ध्यान नहीं दे रही।
लोग नेशनल हाईवे के खिलाफ रोष प्रदर्शन करते हुए रोड पर बैठ गए। सूचना पाकर नायब तहसीलदार राम निवास व थाना प्रभारी काशी राम बेनीवाल मौके पर पहुंचे। उन्होने लोगों को समझाया कि फिलहाल इस कट पर बैरिकेड लगवा देते हैं। उपायुक्त और नेशनल हाईवे के अधिकारियों से बात कर समस्या का हल करवाया जाएगा। जिसके बाद लोगों ने रास्ता खोल दिया।