पटाखा फैक्टरी में धमाका इतना तेज था कि आसपास के चार से पांच किलोमीटर तक आवाज सुनाई दी। अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया। एसडीएम ने मौके का जायजा लिया।
हरियाणा के सिरसा के डबवाली में बुधवार दोपहर पटाखा फैक्टरी में धमाके के साथ भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिसकी चपेट में आकर एक नाबालिग श्रमिक (14) की मौत हो गई और दो लोग झुलस गए। झुलसे हुए दोनों श्रमिकों को पंजाब के लुधियाना रेफर कर दिया गया है। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
विज्ञापन
बुधवार को दोपहर बाद तीन बजे ओवरब्रिज के पास मार्केट के पास एक मकान में बने पटाखा फैक्टरी में जोरदार धमाका हो गया। फैक्टरी में धमाका इतना तेज था कि आसपास के चार से पांच किलोमीटर तक आवाज सुनाई दी। घटनास्थल पर अफरातफरी का आलम हो गया। आसपास के लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।
इस बीच लोगों ने अग्निशमन विभाग और पुलिस विभाग को जानकारी दी। अग्निशमन विभाग और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब डेढ़ घंटे बाद 4.30 बजे आग पर काबू पाया। इस दौरान आग में झुलसे तीन लोगों को एंबुलेंस से नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने किशोर गोली पुत्र इकबाल सिंह को मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
दो अन्य 20 वर्षीय गोपाल पुत्र सतपाल सिंह व 50 वर्षीय ज्ञानचंद पुत्र किशोरी लाल को गंभीर हालत के चलते पंजाब के लुधियाना रेफर कर दिया गया है। वहीं, पुलिस विभाग के अधिकारी व एसडीएम अभय सिंह ने मौके का जायजा लिया।