ओढां थाने में आरोपी व कबाड़ी पुलिस की गिरफ्त में।
ओढां। गांव ओढां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हुई एसी चोरी की घटना को पुलिस ने सुलझाते हुए आरोपी व कबाड़ी सहित 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस घटना को 2 लोगों ने अंजाम दिया था, जिनमें से एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
हेडकांस्टेबल अमन सिंह ने बताया कि बीती 25 मई को चोरों ने सीएचसी केंद्र में एक विंडो एसी व एक कंप्रेशर चोरी कर लिया था। इस मामले में पुलिस ने जांच-पड़ताल करते हुए संदेह के आधार पर गांव ओढां निवासी जसवीर उर्फ सीपा को काबू कर सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपने एक अन्य साथी ओढां निवासी बीरा उर्फ बोहड़ के साथ मिलकर उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी जसवीर ने बताया कि उसने चोरीशुदा विंडो एसी गोरीवाला निवासी धनराज कबाड़ी को बेचा था। पुलिस ने कबाड़ी को भी काबू करते हुए उससे एसी बरामद कर लिया। हेडकांस्टेबल ने बताया कि दोनों आरोपियों ने नशे की पूर्ति के लिए इस घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। जसवीर ने कबाड़ी धनराज को उक्त एसी 5 हजार रुपये में बेचा था। वहीं पुलिस दूसरे आरोपी बोहड़ की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। दोनों आरोपियों को पुलिस ने अदालत में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।