सिरसा। विदेश भेजने के नाम पर ऐलनाबाद के एक युवक से आठ लाख रुपये ठग लिए गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में प्रिंस पारीक ने बताया कि उसने चचेरे भाई आनंद निवासी ऐलनाबाद को स्विट्जरलैंड भेजने के लिए आदमपुर मंडी की मित्तल मार्केट स्थित फ्यूचर प्वाइंट इंस्टीट्यूट से संपर्क किया। उन्होंने जो दस्तावेज मांगे, वे उपलब्ध करवा दिए। आरोपियों ने टोकन मनी के रूप में 50 हजार रुपये मांगे, जोकि उन्होंने यूपीआई के माध्यम से अदा कर दिए। शिकायत में बताया कि कुछ दिनों के बाद मैसेज आया कि स्विट्जरलैंड का वीजा लगने में दो महीने का समय लग सकता है, वे ग्रीस का वीजा लगवा देते हैं। इस पर उन्होंने सहमति दे दी। उन्हें बताया गया कि ग्रीस का वीजा लग गया है और उनसे 8 लाख रुपये की मांग की गई। उन्होंने सुरेश नामक व्यक्ति को दे दिए। पैसे देने के बाद भी उन्हें एक सप्ताह तक वीजा नहीं मिला और आरोपियों ने फोन उठाने भी बंद कर दिए। जब उन्होंने आरोपी प्रमोद के घर पर संपर्क साधा तो उसने स्वीकार किया कि उन्होंने ठगी मारनी थी।
शिकायत कर्ता ने बताया कि आरोपियों ने गैंग बना रखा है और वे अनेक लोगों से अब तक एक करोड़ 84 लाख से अधिक की धोखाधड़ी कर चुके हैं। ऐलनाबाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर गांव भोड़ियां बिश्नोइयां जिला फतेहबाद निवासी प्रमोद जांगु, पंवन जांगु, अमित जांगु, सुखविंद्र भादू व मंदीप के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।