सिरसा। विदेश भेजने के नाम पर दो लोगों ने एक युवक से 13 लाख रुपये ठग लिए। सिविल लाइन थाना पुलिस ने पीड़ित युवक की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में शक्ति नगर सिरसा निवासी मनिंद्र सिंह ने बताया कि उसकी मुलाकात सुखदीप बराड़ निवासी ख्यालीवाला जिला गंगानगर राजस्थान से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी।
सुखदीप बराड़ इंस्टाग्राम के माध्यम से प्रचार करता था कि वह भारत के नागरिकों को विदेश भेजता है और विदेश में काम दिलाने का काम भी उनके ही एजेंट का होता है। मनिंद्र सिंह का कहना है कि उसने सुखदीप से सात सितंबर 2023 को संपर्क किया। सुखदीप ने कहा कि वह उसे कनाडा भेज देगा, लेकिन इसके लिए पहले दुबई जाना होगा। वहां से कनाडा भेज दिया जाएगा।
कनाडा भेजने की एवज में सुखदीप ने 13 लाख रुपये मांगे। मनिंद्र का कहना है कि उसने 8 लाख 72 हजार रुपये ऑनलाइन सुखदीप को भेज दिए। जबकि शेष राशि नकद उसे दे दी। जांच अधिकारी जसबीर सिंंह का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
छह माह तक दुबई में रखा
27 नवंबर 2023 को मनिंद्र दुबई पहुंच गया। दुबई में उसकी मुलाकात सुखदीप के भाई खुशदीप से हुई। खुशदीप ने उसका पासपोर्ट ले लिया। मनिंद्र का कहना है कि खुशदीप ने उसे छह माह तक दुबई में रखा। पैसे खत्म होने पर मनिंद्र वापस भारत आ गया। इसके बाद मनिंद्र ने सुखदीप से अपने पैसे वापस मांगे तो उसने कहा कि उसके पास पैसा नहीं है। मनिंद्र ने डेढ़ साल तक इंतजार किया, लेकिन सुखदीप ने उसे न तो कनाडा भेजा और न ही उसके 13 लाख रुपये वापस किए।