संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। रगड़ी रोड पर शुक्रवार देर रात को बाइक पर सवार तीन युवकों की पिकअप से टक्कर हो गई। इस हादसे में दोस्तों संग खाना खाने गए एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को सिरसा के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं पुलिस ने इस संबंध में मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिरसा के थेहड़ मोहल्ला निवासी 18 साल का कृष्ण अपने साथियों प्रमोद व सतबीर के साथ शुक्रवार रात को गांव रंगड़ी में खाना खाने गया था। सभी साथी बाइक पर थे। जब वह वापस आ रहे थे तो रास्ते में श्री श्याम धर्मकांटा के पास पिकअप से उनके बाइक की टक्कर हो गई। पिकअप भी क्षतिग्रस्त हो गई और चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में घायल तीनों युवाओं को सिरसा के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां कृष्ण को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं इस मामले में सिरसा सदर पुलिस ने मृतक कृष्ण के पिता राजकुमार की शिकायत पर अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इस मामले को लेकर कृष्ण के परिजनों में भी भारी रोष है। उसके चाचा मुकेश व चेतराम ने कहा कि पिकअप चालक की लापरवाही के कारण उनके भतीजे की मौत हुई है। उस पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
फोटो 15