सिरसा। गांव मांगेआना में मंगलवार रात को महिला से मिलने आए युवक को रिश्तेदारों ने बंधक बनाकर उसकी जमकर पिटाई की। उस पर तेजधार हथियार से हमला कर घायल कर दिया।
हमले से युवक के हाथ की एक अंगुली कट गई। बुधवार सुबह 6 बजे घरवालों ने युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद पुलिस ने घायल युवक को डबवाली नागरिक अस्पताल में दाखिल करवा दिया।
विज्ञापन
गांव मांगेआना निवासी एक महिला का पंजाब के जिला मुक्तसर के गांव विर्क खेड़ा निवासी जोगेंद्र सिंह के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा है। मंगलवार को महिला का पति हरिद्वार चला गया तो महिला ने जोगेंद्र सिंह को अपने घर बुला लिया।
रात को महिला के रिश्तेदारों को इसका पता चला तो उन्होंने उक्त युवक को बंधक बना लिया और उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। सारी रात युवक को बंधक बनाने के बाद बुधवार सुबह 6 बजे गुरमेल सिंह नामक व्यक्ति ने डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को इसकी सूचना दी।
इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो रिश्तेदारों ने युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। युवक की हालत काफी गंभीर थी और तेजधार हथियार से किए गए हमले से उसके हाथ की एक अंगुली कट गई। उसके शरीर पर काफी चोटें आईं। पुलिस ने युवक को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। पुलिस ने घायल युवक का बयान दर्ज कर महिला के देवर गुरमीत, चाचा ससुर के लड़के सुखदीप और जस्सा सहित 10 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज का जांच शुरू कर दी है।