चोपटा (सिरसा)। जिले के गांव रामपुरा ढिल्लों के युवक सुशील कुमार की अंबाला में पानी में बहने से मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी युवक सकुशल बच गए। बुधवार को गांव में गमगीन माहौल में सुशील का अंतिम संस्कार किया गया। 10 जुलाई को सुशील कुमार अपने दो दोस्तों रवि और सौरभ के साथ पासपोर्ट संबंधित कार्य के लिए कार से चंडीगढ़ जा रहा था। मृतक सुशील कुमार अपने मां-बाप की इकलौती संतान था।
मिली जानकारी के अनुसार नाथूसरी चोपटा क्षेत्र के गांव रामपुरा ढिल्लों से तीन युवक सुशील कुमार पुत्र आईदान, रविकांत पुत्र होशियार सिंह और सौरभ पुत्र सोहनलाल 10 जुलाई को चंडीगढ़ में पासपोर्ट संबंधित कार्यों के लिए गांव से रवाना हुए थे। इसी दौरान रास्ते में अंबाला के पास लोहगढ़ गांव के पास चंडीगढ़ से हिसार रोड एचपी पंप के पास उनकी कार पानी में बह गई। इस दौरान तीनों युवक किसी एक अन्य व्यक्ति की सहायता से किसी तरह कार से बाहर निकले और एक खंभे के पास शरण ली। बताया जा रहा है कि यो व्यक्ति उनकी सहायता करने के लिए आगे आया था। वह भी पानी के बहाव में बह गया। काफी इंतजार करने के बाद कोई सहायता नहीं मिलने पर युवक सुशील कुमार ने थोड़ी दूरी पर जाकर किसी से सहायता के लिए खोज शुरू की। इसी दौरान थोड़ी दूर चलने पर सुशील पानी में बह गया। बाद में दोनों युवकों की लोकेशन के आधार पर ग्रामीण वहां पहुंचे और गांव के ही लोगों ने सौरभ व रवि को बचा लिया।
सौरभ व रवि के बताने पर ग्रामीणों ने तीसरे युवक की खोजबीन शुरू कर दी। इस दौरान थोड़ी दूरी पर मंगलवार को सुशील कुमार का शव मिला।
अपने माता-पिता की इकलौती संतान था सुशील
रामपुरा ढिल्लों के ग्रामीण सुरेश कुमार ने बताया कि सुशील कुमार माता-पिता की इकलौती संतान था और पढ़ाई में होशियार था। बताया जाता है कि सुशील ने आईलेट्स कर रखी थी और विदेश जाने की तैयारी कर रहा था । 10 जुलाई को पासपोर्ट संबंधित कार्यों के लिए चंडीगढ़ जाते समय घटना हो गई। वहीं, गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया।