सिरसा। शहर की सड़कों पर गड्ढे भरने के काम (पैचवर्क) में बरती जा रही गंभीर अनियमितताओं को लेकर जिला नगर आयुक्त (डीएमसी) के आदेश पर आखिरकार गाज गिरी है। जूनियर इंजीनियर (जेई) ने रामकुमार कॉपरेटिव सोसायटी नामक एजेंसी को नियमानुसार काम न करने पर नोटिस जारी किया है।
डीएमसी ने यह कड़ी कार्रवाई मामले की शिकायत मिलने के बाद तुरंत प्रभाव से की। सूत्रों के अनुसार, इसी तरह के मामलों में अब कई अन्य एजेसियों को भी नोटिस जारी होने की संभावना है।
सूत्रों के मुताबिक नोटिस का सामना कर रही इस फर्म का संचालन मूल रूप से एक जिम संचालक करता है जिसे नगर परिषद में ही कार्यरत एक व्यक्ति का करीबी बताया जा रहा है। चर्चा है कि शहर में पैचवर्क का काम करने वाले अधिकांश ठेकेदार तारकोल से लेकर सीसी वर्क तक में नियमों की पालना नहीं कर रहे हैं।
नगर परिषद सिरसा में इन दिनों विकास कार्यों के टेंडरों पर राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले लोगों, अधिकारियों और कर्मचारियों के करीबियों की पैनी नजर है। टेंडर हासिल करने के लिए मुख्यालय से लेकर मंत्रियों तक से सिफारिशें लगवाई जा रही हैं। सूत्रों की मानें तो नगर परिषद के बंद कमरों में टेंडरों को लेकर बड़े खेल चल रहे हैं यही कारण है कि कोई भी स्थायी एमई या एक्सईएन स्तर का अधिकारी यहां टिकना नहीं चाहता।