सिरसा। एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा व सदर थाना पुलिस ने गश्त के दौरान रानियां व सदर थाना क्षेत्र में दो व्यक्तियों को 74 बोतल अवैध शराब व 110 लीटर लाहन सहित काबू किया है।
एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह ने बताया कि टीम वीरवार रात को गश्त के दौरान नजदीक बस स्टैंड गांव थेहड़ी मोहर सिंह क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सूचना मिली कि गांव में एक व्यक्ति अपने घर पर अवैध शराब बेचने का काम करता है। सूचना पाकर टीम ने थेहड़ी मोहर सिंह में आरोपी के घर पर दबिश देकर आरोपी को 57 बोतल अवैध शराब के साथ काबू कर लिया। आरोपी अर्जुन सिंह निवासी गांव थेहड़ी मोहर सिंह के खिलाफ सदर थाने में केस दर्ज किया गया है।
वहीं, एक अन्य मामले में जिले की सदर थाना पुलिस थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर बेगू में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सूचना मिली कि अरनियांवाली रोड पर एक व्यक्ति अपने घर पर अवैध शराब बेचने व निकालने का काम करता है। पुलिस ने आरोपी सुरजीत सिंह निवासी गुरुकुल कॉलोनी अरनियांवाली रोड सिरसा के घर पर दबिश देकर उसके कब्जे से 17 बोतल अवैध शराब में 110 लीटर अवैध लाहन बरामद किया। आरोपी के खिलाफ सदर थाने में आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।