कालांवाली। उपमंडल कार्यालय में नए जरनेटर को चालू करते कर्मचारी संवाद
कालांवाली। उपमंडल कार्यालय व तहसील कार्यालय में नए जनरेटर को बुधवार से चालू कर दिया गया है। अब पिछले कई सालों से परेशानी झेल रहे लोगों को राहत मिलेगी। बिजली सप्लाई बाधित रहने पर भी उन्हें उपमंडल व तहसील कार्यालय में रजिस्ट्री, जमाबंदी निकालवाने, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, विवाह पंजीकरण, सीएम विंडो संबंधी कार्य के लिए परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।
इस समस्या को अमर उजाला ने 20 सिंतबर को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए समस्या का समाधान करवा दिया है। दरअसल, पिछले लगभग पांच साल से अधिक समय से उपमंडल व तहसील कार्यालय कालांवाली में जनरेटर की कोई बेहतर व्यवस्था नहीं थी। बिजली सप्लाई जब भी बाधित होत थी, उपमंडल व तहसील कार्यालय में कोई काम नहीं होता था और पंखे, लाइटें, कंप्यूटर सिस्टम आदि बंद रहते थे।
उपमंडल के लोग कई बार इस समस्या के समाधान के लिए तहसीलदार, एसडीएम, डीसी सहित कई उच्चाधिकारियों को उक्त समस्या से अवगत करवा चुके थे। इसके बावजूद कोई समाधान नहीं हो रहा था। अब एसडीएम मोहित कुमार ने जनता की समस्या को ध्यान में रखते हुए नए जनरेटर की व्यवस्था करवा दी है।
पहले गलती से आ गया था 20 किलोवाट का जनरेटर
एसडीएम मोहित कुमार ने बताया कि पूर्व मेंकंपनी ने गलती से 30 किलोवाट की जगह 20 किलोवाट का जनरेटर भेज दिया था। इसे बिना चालू किए ही कंपनी को वापस भेज दिया गया था। अब कंपनी ने 30 किलोवाट का जनरेटर भेज दिया है, जिसे बुधवार को करीब 40 लीटर तेल डालकर शुरू कर दिया है। अब लोगों को बिजली के कारण परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।