रोड़ी । गांव सुरतिया की अनाज मंडी में बुधवार रात एक किसान पर एक युवक ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया। पुलिस को दिए गए बयान में घायल अमृतपाल सिंह निवासी गांव सुरतिया ने बताया कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। बुधवार रात आठ बजे वह अनाज मंडी में अपने भाई गुरलाल सिंह, दोस्त रामगोपाल, गुलाब सिंह व गुरदीप सिंह के साथ खड़ा था।
इस दौरान गांव सुरतिया निवासी गग्गी सिंह अपना ट्रैक्टर लेकर आया और उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद गग्गी अपना ट्रैक्टर लेकर वहां से भाग गया। अमृतपाल का कहना है कि वह अपने भाई व दोस्तों को साथ लेकर गग्गी सिंह के घर उलाहना देने के लिए जा रहा था। रास्ते में प्रगट सिंह, गुरपाल सिंह व गग्गी सिंह खड़े मिले। उक्त सभी ने उनका रास्ता रोक लिया। अमृतपाल का आरोप है कि गग्गी ने तेजधार हथियार से उस पर हमला कर दिया। शोर मचाने पर तीनों हमलावर धमकी देकर भाग गए। इसके बाद उसके भाई ने उसे अस्पताल में दाखिल करवाया। रोड़ी थाने में आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है।