अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। नगर परिषद व ट्रैफिक पुलिस की ओर से मंगलवार को अतिक्रमण के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई की गई। मुख्य सफाई निरीक्षक देवेंद्र बिश्नोई व ट्रैफिक एसएचओ इंस्पेक्टर बहादुर सिंह की अगुवाई में टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों से अतिक्रमण हटवाया।
मंगलवार को भी टीम नागरिक अस्पताल रोड पर पहुंची और यहां पर सड़क किनारे खोखे लगाकर अतिक्रमण करने वालों को हटाया। टीम ने कुछ बोर्ड और फ्लैक्स जब्त भी किए। इसके बाद टीम ने डाकघर का रुख किया। यहां पर दुकानों के बाहर रखे सामान को जब्त किया और रेहड़ियों को दूर हटाया। इसके साथ ही डाकघर के निकट कपड़े बेचने वालों को भी हटाया। टीम के बाजार में पहुंचने पर अतिक्रमणकारियों ने स्वयं ही अपना सामान भीतर रखना शुरू कर दिया। अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद डबवाली रोड से लौट रहे ट्रैफिक एसएचओ को भी जाम का सामना करना पड़ा। डबवाली रोड पर सिरसा क्लब से सांगवान चौक तक के एरिया में ऑटो चालकों द्वारा जहां-तहां थ्री व्हीलर को पार्क कर दिया जाता है। इसके साथ ही शर्मा पैट्रोल पंप के सामने सरकारी व प्राइवेट बसों का अवैध ठहराव होता है। ट्रैफिक एसएचओ ने स्वयं ये हालात देखे और वाहन चालकों को चालान काटने की चेतावनी दी।