अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
जिले की मंडियों व खरीद केंद्रों पर अभी कुछ दिनों तक गेहूं के आने की की कोई संभावना नहीं है। फिर भी मार्केट कमेटी प्रबंधन तैयारियां में जुटा हुआ है। जिले में 59 खरीद केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें से कालांवाली मार्केट कमेटी में 14, डबवाली में 15, ऐलनाबाद में 03, सिरसा में 13, रानियां में 09 व डींग मार्केट कमेटी में 05 खरीद केंद्रों पर गेहूं की खरीद की जाएगी। खरीद केंद्रों पर तिरपाल, कैरैट आदि की व्यवस्था आढ़तियों को करनी होगी। इस बात का उल्लेख लाइसेंस देते समय स्पष्ट किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में बने खरीद केंद्रों पर बिजली पानी व शेड की व्यवस्था आदि कई कमियों की वजह से परेशानी उठानी पड़ सकती है। इस बार सिरसा जिले में तीन लाख पंाच हजार हेक्टेयर में गेहूं की बिजाई की गई है और पैदावार भी बंपर होने की उम्मीद है। सरकार ने गेहूं का समर्थन मूल्य 1735 रुपये प्रति किंवटल घोषित किया है।
इन केंद्रों पर होगी गेहूं की खरीद
कालांवाली मार्केट कमेटी में सब यार्ड कालांवाली, अतिरिक्त अनाज मंडी कालांवाली, खरीद केंद्र रोड़ी, ओढ़ां, बड़ागुढ़ा, सिंघपुरा, कमाल, फग्गू, कुरंगावाली, झोरड़रोही, थिराज, अलीकां, सुरतिया व पन्नीवाला मोटा में खरीद केंद्र बनाए गए हैं। सिरसा मार्केट कमेटी के सिरसा के जनता भवन रोड सिरसा, सब यार्ड नाथूसरी चोपटा, मल्लेकां, पंजुआना, पनीहारी, बप्पा, मंगाला, भावदीन, साहुवाला-1, दड़बी, रसूलपुर थेड़ी, कुतियाना में गेहूं खरीद केंद्र बनाए गए हैं। मार्केट कमेटी रानियां क्षेत्र में सब यार्ड जीवन नगर, बणी, खारयिां, कुताबढ़, करीवाला, घोड़ावाली, चक्कां व ढुढियांवाली में खरीद केंद्र बनाए गए हैं।
मार्केट कमेटी डींग मेें डींग, शक्कर मंदोरी, कागदाना, सुचान व पतली डाबर में खरीद केंद्र बनाए गए हैं। डबवाली मार्केट कमेटी क्षेत्र में डबवाली, चौटाला, अबूबशहर, लौहगढ़, गंगा,कालुवाना, बिज्जूवाली, गोरीवाला, हाबूआना, चिथा, रत्ता खेड़ा, रिसालिया खेड़ा, मौजगढ़, मलिक पुरा, देशुजोधा में गेहूं खरीद केंद्र बनाए गए हैं। मार्केट कमेटी क्षेत्र ऐलनाबाद में नोहर रोड ऐलनाबाद, धोलपालिया व भूर्टवाला में खरीद केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर भारतीय खाद्य निगम, खाद्य आपूर्ति विभाग, हैफैड व हरियाणा वेयर हाउसिंग गेहूं की खरीददारी करेंगे। मार्केट कमेटी विभाग व खरीददार एजेंसियां तैयारियां मुक्कमल करने में जुटे हुए हैं। हर बार सबसे बड़ी समस्या उठान धीमा होने से आती है इसको लेकर पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। मंडियों व खरीद केंद्रों में आढ़तियों व किसानों की सुरक्षा के लिए प्रबंध किए जा रहे है ताकि चोरी या लूट मार की घटनाओं को रोका जा सके। सरकार ने गेहूं की खरीद को लेकर कई प्रकार के दिशा निर्देश जारी किए हैं जिनमें गेहूं साफ सुथरी व गेहूं में नमी की मात्रा 12 प्रतिशत से अधिक नहीं होनी चाहिए। तभी गेहूं की खरीद हो सकेगी। उधर ठेकोदारों को गेहूं के उठान के लिए स्पष्ट निर्देंश दिए गए हैं कि बारदाना पूरा होना चाहिए व उठान की गति धीमी नहीं होनी चाहिए। करीब 10 अप्रैल के आसपास तक गेहूं मंडियों व खरीद केंद्रों पर आनी शुरू हो जाएगी।
गेहूं आने में समय लगेगा
गेहूं की सरकारी खरीद एक अप्रैल से शुरू हो चुकी है। सरकार ने गेहूं का समर्थन मूल्य 1735 रुपये प्रति किंवटल घोषित किया है। जिले के 59 खरीद केंद्रों पर गेहूं की फसल की खरीददारी की जाएगी। जिनमें से कालांवाली मार्केट कमेटी में 14, डबवाली में 15, ऐलनाबाद में 03, सिरसा में 13, रानियां में 09 व डींग मार्केट कमेटी में 05 खरीद केंद्र बनाए गए हैं। लेकिन अभी तक मंडियों में गेंहू आने में समय लगेगा तथा किसानों को आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए टीमें गठित की गई हैं। खरीद केंद्रों पर बिजली पानी आदि की व्यवस्था की जा रही है। शैड की वयव्स्था हर खरीद केंद्र पर संभव नहीं होती इसके लिए तिरपाल व कैरैट की व्यवस्था आढ़तियों को करनी होती है। बारिश के समय गेहूं को ढकने के लिए आढ़तियों को तिरपाल का प्रबंध करना होगा। इसके अलावा कच्चे फर्श पर कैरेट की व्यवस्था भी आढ़तियों को करनी होगी।
- डीपी भांभू जिला विपणन अधिकारी सिरसा