संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले में मंगलवार को मौसम परिवर्तनशील रहा। दोपहर बाद हुई झमाझम बारिश ने प्रशासन व आमजन की चिंता को बढ़ा दिया है। शहर में करीब एक घंटे में 85 एमएम पानी बरसा। इससे शहर में दो फुट तक पानी जमा हो गया, वहीं ग्रामीण क्षेत्र में घग्गर नदी के तटबंध भी कमजोर होने का डर बढ़ गया है।
जिले में घग्गर नदी का जलस्तर कम होकर अब साढ़े 34 हजार क्यूसेक तक पहुंच गया है। मंगलवार शाम को हुई तेज बारिश के कारण अब नदी के तटबंध कमजोर होने और दरार पड़ने का डर भी सताने लगा है। बारिश के कारण तटबंध की निगरानी रखने और मिट्टी डालने का काम भी बंद हो गया है।
जिले में करीब एक सप्ताह से घग्गर नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। पंजाब के सरदूलगढ़ से अब सिरसा में 34580 क्यूसेक पानी पहुंच रहा है। नदी की क्षमता 25 हजार क्यूसेक की है। अभी भी घग्गर नदी में साढ़े नौ हजार क्यूसेक पानी अधिक बह रहा है। नदी के कारण पानी के कारण अब तक 39 गांवों में फसलें, मकान व ढाणियां क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। वहीं पनिहारी क्षेत्र में घग्गर नदी का बड़ा तटबंध और अन्य क्षेत्रों में छोटे तटबंधों को बांधा नहीं जा सका है। इसके कारण नदी का पानी पनिहारी, बुर्जकर्मगढ़ फरवाई से होते हुए घग्गर नदी में पहुंच रहा है।
20 गांवों खेतों में भरा है पानी
घग्गर नदी के तटबंध टूटने के कारण साथ लगते करीब 20 गांवों के खेतों में जलभराव हो गया। तीन दिनों से करीब 23 हजार क्यूसेक पानी घग्गर नदी में कम हुआ है। इसके कारण आसपास के खेतों से भी पानी की निकासी होना शुरू हो गई थी, लेकिन मंगलवार शाम को हुई बारिश के कारण इन क्षेत्रों में फिर से जलभराव हो गया है। बारिश के कारण घग्गर नदी के लेवल पर कुछ खास प्रभाव देखने को अभी तक नहीं मिला है।
शहर में इन क्षेत्र में हुआ जलभराव
बारिश के बाद शहर के बरनाला रोड, हिसार रोड, जनता भवन रोड, नोहरिया बाजार, बेगू रोड, रानियां रोड, हिसारिया बाजार, आंबेडकर चौक, बस स्टैंड के समक्ष सहित अन्य कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बन गई। यहां पर डेढ़ से दो फुट तक जलभराव हो गया। इसके कारण वाहन चालकों को आने जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
घग्गर नदी में ही डाला जा रहा है शहर का पानी, डबवाली रोड का पंपिंग स्टेशन शुरू किया
शहर में जलभराव होने के कारण स्थिति खराब हो गई है। इसके बाद अब नगर परिषद की ओर से डबवाली रोड पर स्थित पंपिंग स्टेशन शुरू कर दिया है और घग्गर नदी में ही पानी की निकासी करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दूसरी तरफ केलनियां में स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के माध्यम से भी अब घग्गर में शहर के पानी की निकासी करवाई जा रही है। हालांकि अभी इसके घग्गर का जलस्तर अधिक होने के चलते कम मात्रा में पानी की निकासी हो पा रही है।
इन क्षेत्रों में हुई इतने एमएम बारिश
स्थान, एमएम
सिरसा, 86
ओटू, 15
रोड़ी, 20
गोलेवाला, 10
नहराणा, 2
इन क्षेत्रों में घग्गर की है यह स्थिति
स्थान, क्यूसेक
गुहला चीका, 39335
खनौरी, 11675
चांदपुरा, 14800
रंगोइनाला, 6900
सरदूलगढ़, 34580
ओटू हेड, 35175
राजस्थान, 22138
वर्जन
बारिश के कारण तटबंधों पर कुछ हद तक प्रभाव पड़ सकता है, लेकिन पानी में बढ़ोतरी का अभी कोई प्रभाव नहीं है। अभी एक सप्ताह तक नदी खतरे के निशान से ऊपर बहने की आशंका है। इसके बाद राहत मिलने की उम्मीद है। बांधों की लगातार निगरानी की जा रही है। जलस्तर अभी लगातार गिर रहा है। - अजीत हुड्डा, एक्सईएन, घग्गर ब्रांच, सिंचाई विभाग सिरसा।