सिरसा। नगर परिषद की ओर से पॉलिथीन के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए वीरवार को अभियान चलाया। मुख्य सफाई निरीक्षक देवेंद्र बिश्नोई की अगुवाई में टीम ने वीरवार को विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट की औचक जांच की। इस दौरान टीम ने दुकानों और रेहड़ी वालों से करीब 50 किलो पॉलिथीन बैग पाए जाने पर चालान काटे और उसे जब्त कर लिया गया। हालांकि रेहड़ी वालों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। अभियान में नगर परिषद के सफाई निरीक्षक जोगिंद्र सिंह व सफाई निरीक्षक अवतार सिंह भी शामिल थे।
नप की टीम दोपहर एक बजे बाजारों में पॉलिथीन का चालान करने निकल पड़ी। टीम ने सबसे पहले लक्ष्मी स्वीट्स से एक किलो पॉलिथिन बैग जब्त किए। जिस पर सुरेंद्र को 3 हजार रुपये जुर्माने का नोटिस दिया गया है। इसी प्रकार चावला स्वीट्स से एक किलो पॉलिथीन मिलने पर राजेश को 3 हजार रुपये का नोटिस थमाया गया है। नगर परिषद की टीम ने मुख्य डाकघर के सामने स्थित चेतन नमकीन भंडार से 3 किलो पॉलिथीन बरामद किए। जिस पर संचालक चेतन को 10 हजार रुपये का नोटिस दिया गया है। इसी प्रकार शंटी भोजनालय के संचालक प्रिंस को 1100 ग्राम पॉलिथीन पाए जाने पर 3 हजार रुपये, गजल स्वीट्स से 700 ग्राम पॉलिथीन पाए जाने पर आकाश दीप को 3 हजार रुपये, हरीश फास्ट फूड से 700 ग्राम पॉलिथीन पाए जाने पर संचालक विजय को 3 हजार रुपये जुर्माने का नोटिस थमाया गया है। मुख्य सफाई निरीक्षक देवेंद्र बिश्नोई ने बताया कि पॉलिथीन के वजन के अनुसार जुर्माने की राशि का निर्धारण किया जाता है। उन्होंने बताया कि नगर परिषद का पॉलिथीन के खिलाफ अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।
-----------
कनौपी लगाकर किए अतिक्रमण को हटाया
टीम जब पॉलिथीन का अभियान चला रही थी। इसी दौरान जीवन बीमा निगम कार्यालय के निकट दोपहिया वाहन कंपनी ने कनौपी लगाकर अतिक्रमण किया हुआ था। कनौपी यातायात में रुकावट बन रही थी। सीएसआई ने इस अतिक्रमण को हटवाया और दोपहिया वाहन चालक को चेतावनी भी दी। जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
कोट्स
कुल 50 किलो पॉलिथीन बरामद किया गया है। सात दुकान संचालकों के चालान काटे गए है। पॉलिथीन जब्त कर लिया गया है।
देवेंद्र बिश्नोई, सीएसआई।
नगर परिषद सिरसा।