अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
उपायुक्त प्रभजोत सिंह ने शुक्रवार को जिला कारागार, नागरिक अस्पताल तथा महिला पुलिस थाना का दौराकर गहनता से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सबसे पहले उपायुक्त ने जिला कारागार का दौराकर जेल अधीक्षक को निर्देश दिए कि वे बंदियों से मिलने वाले व्यक्तियों की सुविधा के लिए एक फ्लैक्स लगवाएं जिस पर लिखवाएं कि बंदियों से मिलने के लिए यदि कोई व्यक्ति रिश्वत मांगता है तो उसकी सूचना जेल प्रशासन को दें। उन्होंने जेल अधीक्षक से पूछा कि बंदियों को फोन पर बात करने का कितना समय दिया जाता है। इसपर जेल अधीक्षक ने बताया कि बात करने के लिए पांच मिनट का समय दिया जाता है। उपायुक्त ने इस अवसर पर जेल परिसर में पौधरोपण किया और महिला बंदियों से भी बातचीत कर उनसे सुविधाओं के बारे जानकारी ली। उन्होंने जेल की कैंटीन का निरीक्षण कर खाने-पीने की चीजों का जायजा लिया। उन्होंने जेल अधीक्षक को निर्देश दिए कि वे बैरक में सुझाव पेटिका लगाएं, जिनमें मोबाइल रखने और नशा आदि करने की शिकायत बंदी कर सकेंगे।
इसके बाद उन्होंने नागरिक अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने जन्म-मृत्यु पंजीकरण कक्ष में बिजली की तारों को ठीक करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक के कमरे का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि इस कमरे में आमजन के आने के लिए बाहर की तरफ दरवाजा खुलवाएं। उपायुक्त ने शल्य चिकित्सक, पट्टी और टीका कक्ष का निरीक्षण करते हुए टीका कक्ष में रखी रसीदों को जांचा और कहा कि जो कागजात आवश्यक नहीं हैं, उन्हें नष्ट करवाएं। सीसीटीवी कैमरों का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि कंट्रोल रूम में सीसीटीवी कैमरों का प्रतिदिन निरीक्षण करें। उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिए कि ओपीडी के वार्ड में सीसीटीवी कैमरे लगवाए बाद में दवाइयों का स्टाक चेक किया। आपातकालीन कक्ष में शौचालय की सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने सेवा समिति में बन रहे रोगियों के खाने के बारे में जांच पड़ताल की। बाद में महिला थाना का निरीक्षण किया और महिला थाना में आने वाली शिकायतों तथा एफआईआर की रिपोर्ट भी ली।