संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। नागरिक अस्पताल में मरीजों के बीच बदमाशों का खौफ बना हुआ है। मंगलवार को अस्पताल में जहां तीन मरीजों की जेब कटी, वहीं सोमवार रात को बदमाश महिला का लॉकेट छीनकर भाग गया। चोरी और छीना झपटी की यह शिकायत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वहीं, पुलिस की टीम दिन भर सिर्फ सीसीटीवी खंगालती रही।
तीन दिनों की छुट्टी के बाद मंगलवार को नगारिक अस्पताल में 1200 से 1300 मरीज उपचार करवाने के लिए आए हुए थे। भीड़ का फायदा उठाते हुए चोरों ने तीन मरीजों को अपना निशाना बनाया और उनकी जेब काट ली। चोर पर्स के साथ मोबाइल व अन्य सामान भी चोर चुराकर ले गए। नागरिक अस्पताल में चोरी का पहला मामला नहीं हैं। पहले भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं।
नगारिक अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
नागरिक अस्पताल में कुल 14 गार्ड हैं। सभी तीन शिफ्टों में डयूटी देते हैं। नागरिक अस्पताल में लगभग 80 के करीब कैमरे भी लगे हैं। इसके बाद भी चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। नागरिक अस्पताल में चोरी ही नहीं गोलियां चलने, कैदी भागने सहित कई बड़ी वारदात को अंजाम दिया जा चुका है। इसके बाद यहां पुलिस चौकी बनाई गई थी।
शो-पीस बनी पुलिस चौकी
नागरिक अस्पताल के ट्रामा सेंटर में ग्राउंड फ्लोर पर पुलिस चौकी बनी हुई है। सुरक्षा के तौर पर दो कर्मियों की तैनाती भी की गई। चिकित्सकों के अनुसार लोकसभा चुनाव से पहले एक गार्ड की तैनात रहता था। चुनाव के बाद अभी तक कोई भी गार्ड चौकी में तैनात नहीं किया गया है। इसके चलते चौकी बंद ही रहती है।
पीड़ितों ने बयां किया दर्द
मेरे पैर में दर्द था। दवा लेने के लिए नागरिक अस्पताल में आया था। पर्ची कटवाने के लिए लाइन में तो किसी ने मेरा पर्स चोरी कर लिया। पर्स में 200 रुपये, आधार कार्ड व जरूरी कागजात थे। सूचना देने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस कर्मियों ने नागरिक अस्पताल में लगे सीसीटीवी खंगाले तो सीसीटीवी में पर्स चोरी करती युवक साफ दिखाई दिया। - बलजोत सिंह, मरीज, गांव जीवननगर।
नागरिक अस्पताल में बहन को दवा दिलवाने के लिए आया था। दवा काउंटर पर दवा लेने के लिए लाइन में लगा। दवा लेने के बाद जेब में हाथ मारा तो पर्स गायब था। पर्स में 1300 रुपये, सोने की बालियां और कागजात थे। पुलिस को फोन कर घटना के बारे में सूचना दे दी थी। - फल्कू राम, गांव फूलकां। फोटो 24
नागरिक अस्पताल में पति का इलाज चल रहा है। तीसरी मंजिल पर भर्ती है। एक अज्ञात व्यक्ति सोमवार रात 10 बजे आया और कहा कि इलाज के लिए पैसों की जरूरत है। मैंने कहा कि पैसे तो नहीं है। उसने कहा कि आप लॉकेट ही दे दो। मुझे शक हुआ तो मैं लॉकेट उतारकर अपने पास सुरक्षित रखने लगी। जैसे ही मैने लॉकेट उतारा वह छीनकर भाग गया। - बनारसी देवी, गांव फुलकां। फोटो 26
दुकान के मालिक के साथ अस्पताल में शुगर और बीपी की दवा लेने के लिए आया था। दवा काउंटर पर दवा लेने लगा तो जेब में हाथ मारा। पर्स गायब था। पर्स में करीब 2 हजार रुपये थे। इसके बाद पुलिस को सूचित किया। - पवन कुमार, नोहरिया बाजार।
नागरिक अस्पताल में हुई चोरी को लेकर जानकारी नहीं है। अस्पताल में चोरी हुई है तो पुलिस को शिकायत करें। पुलिस कार्रवाई करेगी। अस्पताल में बनी पुलिस चौकी में गार्ड की तैनाती नहीं है। कई बार विभाग को पत्राचार भी किया गया है। - डॉ. पवन कुमार, पीएमओ, नागरिक अस्पताल सिरसा।