डबवाली शहर थाना पुलिस ने बीती 17 नवंबर 2019 की रात्रि को आरओबी के समीप स्थित लहर बाजार की सहारनपुर वालों की फैशन रेडीमेड स्टोर पर हुई करीब 1 लाख 50 हजार रुपयों की चोरी की घटना को सुलझा लिया है। शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र ने बताया कि चोरी की उक्त घटना के बाद नर सिंह कॉलोनी निवासी आस मोहम्मद की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शुरू हुई जांच में सात महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। जहां अदालत ने सभी आरोपी महिलाओं को दो दिनों के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बिंदिया, गीता, पिंकी, लाली, सीतो, चमेली व काजल वासियान देसराज कॉलोनी, जलालआणा रोड कोटकपूरा पंजाब के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों की निशान देही पर चोरीशुदा सामान को बरामद किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार की गई महिला आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और अन्य आपराधिक वारदात का खुलासा होने से इंकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि गोल बाजार पुलिस चौकी के एसआई हंसराज मामले की जांच कर रहे हैं, सभी महिलाएं एक परिवार से नहीं हैं बल्कि एक बिरादरी से अवश्य कही जा सकती हैं। पुलिस की एक टीम उनको लेकर जांच के लिए गई हुई है। टीम के वापस आने के बाद ही अन्य वारदात में संलिप्त होने का खुलासा किया जा सकेगा।