सिरसा। सीआईए सिरसा पुलिस ने बिजली घर बरनाला रोड सिरसा क्षेत्र से कार सवार एक युवक को 63 ग्राम 26 मिलीग्राम अफीम सहित गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान गुरलाल सिंह निवासी गांव बाहिया जिला सिरसा के रूप में हुई है।
सीआईए सिरसा पुलिस टीम के प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रेम कुमार ने बताया कि बुधवार को सीआईए सिरसा की एक पुलिस टीम गश्त के दौरान बरनाला रोड स्थित बिजली घर के पास नाकाबंदी कर आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ओवर ब्रिज बरनाला की तरफ से एक कार आती हुई दिखाई दी।
उक्त कार सवार युवक ने पुलिस पार्टी को देखकर कार को वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने कार का पीछा कर उसे रुकवाया। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें से 63 ग्राम 26 मिलीग्राम अफीम मिली। आरोपी युवक के खिलाफ थाना सिविल लाइन सिरसा में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। एसआई प्रेम कुमार ने बताया कि आरोपी युवक को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।