सिरसा। लोकसभा क्षेत्र से सिरसा से चुनाव लड़ने के लिए 22 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन 10 उम्मीदवारों ने अपना पर्चा भरा। प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की छंटनी 24 अप्रैल को की जाएगी। जबकि 26 अप्रैल को उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। इसी दिन उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह भी अलॉट कर दिए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रभजोत सिंह ने बताया कि लोकसभा क्षेत्र सिरसा के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने वालों की संख्या 22 हो गई है। नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन 10 उम्मीदवारों ने अपना पर्चा दाखिल किया। उन्होंने बताया कि बहुजन मुक्ति पार्टी से बृजपाल, शिव सेना पार्टी के उम्मीदवार अंकुर, जननायक जनता पार्टी से वीरेंद्र सिंह, भारतीय मानवाधिकार फेडरल पार्टी से खुशी राम, राष्ट्रीय लोक स्वराज पार्टी से अंग्रेज सिंह, आजाद उम्मीदवार कश्मीर चंद ओड, विनोद कुमार, सुरजमल अठवाल, दलीप लुना, दीपक ने अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किये हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया का समापन हो गया है।
24 अप्रैल को होगी छंटनी : उपायुक्त
अब 24 अप्रैल को नामांकन पत्रों की छंटनी की जाएगी और 26 अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। इसी दिन प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह भी अलॉट कर दिये जाएंगे। उन्होंने कहा कि मतदान 12 मई को होगा और मतों की गिनती 23 मई को होगी।