कॉलेजों में सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर छात्राओं का प्रदर्शन जारी
छात्राओं ने भाजपा जिलाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। राजकीय महिला महाविद्यालय में 20 प्रतिशत सीटें बढ़ाने, छात्राओं के लिए बीआरजीएफ से खरीदी बसों का विभिन्न रूटों पर आवागमन शुरू करने, प्राध्यापकों की कमी दूर करने तथा पेयजल समस्या का समाधान करने की मांग को लेकर छात्राओं ने शनिवार को एबीवीपी के नेतृत्व में बाल भवन से रेस्ट हाउस तक रोष मार्च निकाला। बाद में भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट को ज्ञापन सौंपा।
एबीवीपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य गीत, कॉलेज अध्यक्ष अलका, उपाध्यक्ष पूजा, जिला संयोजक जितेंद्र, सचिव संदीप, उप सचिव विपिन बाना, मनदीप, मीनाक्षी, आरती, संतोष, वंदना, नेहा आदि ने भाजपा जिलाध्यक्ष को सौंपे ज्ञापन में कहा कि कॉलेज में सीटें न बढ़ाए जाने के कारण वे प्रवेश नहीं ले पा रही हैं। यदि सीटें नहीं बढ़ीं तो उनकी आगे की पढ़ाई रुक जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि नया सत्र शुरू हो चुका है, लेकिन फिर भी अभी तक कॉलेज छात्राओं के लिए खरीदी गई बस का आवागमन शुरू नहीं किया गया है, जिस कारण दूर-दराज के गांवों से आने-जाने वाली छात्राओं को परेशानी उठानी पड़ रही है।
छात्राओं ने कहा कि महिला कॉलेज में नियमित अध्यापकों की कमी है, जिनकी कमी को पूरा करने के लिए कुछ अतिथि प्राध्यापकों को नियुक्त किया गया था, लेकिन यूजीसी द्वारा नियम बदल दिए जाने के कारण अतिथि अध्यापकों को हटा दिया गया है, जिसकी वजह से कक्षाओं में सुचारु रूप से पढ़ाई नहीं हो पाएगी। उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष से उक्त सभी मांगें जल्द से जल्द पूरी करने की मांग की। जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट ने उन्हें बताया कि सरकार ने सीटें बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है और जल्द ही इसके निर्देश जारी हो जाएंगे, जिसके बाद उन्हें कॉलेज में प्रवेश मिल जाएगा।