अमर उजाला ब्यूरो
चोपटा (ब्यूरो)।
खंड के गांव रायपुर के आबादी क्षेत्र में बने चौधरी देवीलाल पार्क पर गांव के ही कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। इसकी शिकायत गांव के ही एक सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद ने गांव के सरपंच व जिला प्रशासन के अधिकारियों को दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब अरविंद ने शिकायत सीएम विंडो पर दर्ज करवाई है।
शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में लिखा कि करीब 15 वर्ष पहले गांव में पार्क बनाया गया था जिसमें तरह-तरह के झूले व बैंच लगाए गए थे वहीं घास उगाई गई थी। प्रवेश द्वार पर लोहे का बड़ा गेट लगाया गया था लेकिन पिछले कुछ वर्षों में वहां अवैध कब्जे होने शुरू हो गए। अब उक्त पार्क में रखा सामान खुर्द-बुर्द हो चुका है वहीं पार्क के अधिकतर स्थान पर गांव के कुछ लोगों ने कब्जा करके बनछटियां डाल रखी हैं। तूड़ी और गोबर के ढेर लगा रखे हैं। आरोप है कि उक्त पार्क की न तो पूर्व की पंचायतों ने सुध ली और न ही मौजूदा। आरोप है कि सरपंच को अवैध कब्जा हटवाने के लिए कई बार बोला लेकिन उन्होंने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। शिकायतकर्ता ने लिखा कि बीडीपीओ कार्यालय चोपटा व डीसी सिरसा को भी इस संबंध में शिकायत दी गई लेकिन कोई संज्ञान नहीं लिया गया। सीएम विंडो में शिकायत दर्ज करवाकर सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद ने रायपुर गांव के पार्क में किए गए अवैध कब्जे को हटवाने की मांग की।
रायपुर गांव के पार्क की जगह अवैध कब्जा, सीएम विंडो में की शिकायत