सिरसा। स्कूल में क्लास टीचर पर हमला करने के मामले में सदर थाना पुलिस ने आरोपी छात्र व उसके पिता सहित छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को दिए बयान में गांव भंभूर स्थित सनराइज इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्रिंसिपल अरुणा कुमारी पत्नी रमेश कुमार ने बताया था कि कक्षा 9वीं का एक छात्र स्कूल में अजीब तरह की कटिंग करवा कर आता था। इसको लेकर क्लास टीचर सुनील कुमार ने उसे टोका। 21 मई को सुबह 8 बजे उक्त अपने पिता पवन कुमार सहित कई लोगों को लेकर स्कूल में आया। उक्त लोगों स्कूल में आते ही क्लास टीचर सुनील कुमार को थप्पड़-मुक्के मारने लगे। उक्त लोगों ने क्लास में रखी लोहे की कुर्सी उठाई और टीचर सुनील पर मारी।
टीचर सुनील ने शोर मचाया तो प्रिंसिपल अरुणा कुमारी का पति रमेश कुमार क्लास में पहुंचे तो उक्त लोगों ने रमेश कुमार से भी मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद महिला टीचर गीता व किरण व मीनू बीच-बचाव करने आई तो उक्त लोगों उन्हें भी थप्पड़-मुक्के मारने शुरू कर दिए। प्रिंसिपल अरुणा कुमारी का कहना है कि उसका बेटा निखिल भी बीच- बचाव करने आया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। हमलावरों ने जाते-जाते टीचर सुनील कुमार को धमकी दी कि अगर गांव भंभूर में दिखाई दिया तो जान से मार देंगे।
सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह का कहना है आरोपी छात्र, उसका पिता पवन कुमार, चाचा कमल कुमार, मोहित पुत्र कमल कुमार, मुकेश कुमार पुत्र रोहताश व रामकुमार पुत्र कुरड़ाराम निवासी गांव भंभूर को सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर दिया गया है।