सिरसा। जिले के राजकीय प्राइमरी विद्यालयों में नए भवन निर्माण व मरम्मत के लिए निदेशालय द्वारा बजट जारी किया गया। जिसके तहत जिले के 12 स्कूलों के लिए करीब 56 लाख 53 हजार 438 रुपये का बजट जारी किया गया है। इस राशि से स्कूलों में नए भवन का निर्माण कार्य व मरम्मत के कार्य करवाए जाने हैं।
निदेशालय द्वारा प्रदेश के राजकीय प्राइमरी स्कूलों को कुल 13 करोंड़ 10 लाख 25 हजार 720 रुपये का बजट जारी किया गया है। जिसमें से सिरसा जिला के 12 स्कूलों के लिए बजट जारी किया गया हैं। जिसके तहत स्कूलों में निर्माण कार्य करवाए जाने हैं। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने चिह्नित सभी स्कूलों को पत्र जारी कर जानकारी दे दी है। जिसके बाद अब जल्द ही स्कूलों में काम करवाया जाएगा।
निर्माण कार्य के लिए होगी कमेटी गठित
जारी बजट के अनुसार कार्य करवाने के लिए स्कूलों में कमेटी गठित की जाएगी। गठित की गई कमेटी के सदस्य स्कूल में हो रहे निर्माण कार्य की निगरानी रखेंगे। वहीं सरकार द्वारा जारी हिदायतों का पालन करते हुए स्कूलों में निर्माण कार्य करवाना सुनिश्चित करेगा।
जिला शिक्षा अधिकारी को भेजना होगा प्रमाण पत्र
निर्माण कार्य करवाने के बाद गठित कमेटी की अध्यक्षता में इमारत का उपयोगिता प्रमाण पत्र प्राचार्य के हस्ताक्षर के साथ जिला शिक्षा अधिकारी को जमा करवाना होगा। ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी ना हो। अगर स्कूल द्वारा प्रमाण पत्र जमा नहीं करवाया जाता है तो भविष्य में उस स्कूल पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं पत्र जमा न करवाने वाले स्कूल को आगे के लिए किसी प्रकार का कोई बजट नहीं दिया जाएगा।
इस प्रकार से मिली है स्कूलों को राशि
स्कूल का नाम, करवाया जाने वाला कार्य, राशि
- जीएमएस, रामनगरियां, बाउंड्री वॉल का निर्माण, 3 लाख 65 हजार 50 रुपये
- जीपीएस, जूटावाली, 3 नए कमरों का निर्माण, 15 लाख 60 हजार रुपये
- जीजीपीएस खन्ना कॉलोनी, बाउंड्री वॉल का निर्माण, 1 लाख 54 हजार रुपये
- जीपीएस, बिज्जूवाली, लड़के व लड़कियों के लिए शौचालयों का निर्माण, 4 लाख 21 हजार रुपये
- जीएमएसपीएस, थिराज, बाउंड्री वॉल का निर्माण, 8 लाख 92 हजार रुपये
- जीजीपीएस, भंगू, इमारत की रिपेयरिंग और रेनोवेशन, 9 लाख 99 हजार रुपये
- जीजीएमएस, बड़ागुढ़ा, बाउंड्री वॉल, 2 लाख 10 हजार रुपये
- जीएमएसपीएस हरिया पट्टी, नए वाटर टैंक का निर्माण व बाउंड्री वॉल की मरम्मत, 1 लाख 48 हजार 788 रुपये
- जीएमएसपीएस पंजुआना, लड़के व लड़कियों के लिए शौचालयों व वाटर टैंक का निर्माण, 2 लाख 94 हजार 500 रुपये
- जीएमएसपीएस, बीरूवाली, लड़कियों के लिए शौचालय का निर्माण, 3 लाख 13 हजार 500 रुपये
- जीएमएसपीएस, सुरतिया, वाटर टैंक व लड़कियों के लिए शौचालय का निर्माण, 2 लाख 94 हजार 500 रुपये
- जीएमएसपीएस, बड़ागुढ़ा, लड़कियों के लिए शौचालय का निर्माण, 2 लाख 13 हजार 500 रुपये
जिला के 12 राजकीय प्राइमरी स्कूलों में नए निर्माण कार्य व मरम्मत करवाने के लिए 56 लाख 53 हजार 438 रुपये का बजट जारी किया गया है। जल्द ही इन स्कूलों का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
-आत्मप्रकाश मेहरा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, सिरसा।