अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
लघु सचिवालय के पास स्थित ई-दिशा केंद्र में सोमवार को काम काज शुरू हो गया, लेकिन पहले दिन ही लाइसेंस, आरसी, जमीन की फर्द और रजिस्ट्री के टोकन नंबर लने के लिए भारी भीड़ जुट गई। खासतौर पर रजिस्ट्रियां दर्ज करवाने के लिए सुबह से लोगों में गहमागहमी रही। हालांकि पहले ई-दिशा केंद्र में कर्मचारियों ने रजिस्ट्री दर्ज करने वाले सॉफ्टवेयर के अपडेट न होने के कारण लोगों को वापस भेज दिया।
बाद में सॉफ्टवेयर अपडेट होने के बाद अंदर बैठे कर्मचारियों ने काम शुरू कर दिया, लेकिन उन्होंने इसकी जानकारी बाहर हेल्प डेस्क को भी नहीं दी। रजिस्ट्री करवाने के लिए लोगों की आपस में खूब बहसबाजी हुई। इसकी वजह 16 अप्रैल को हड़ताल से पहले जिन लोगों को टोकन नंबर अलॉट किया गया था, उनकी समय अवधि खत्म हो गई थी। ऐसे में वे अपनी 30 अप्रैल को पुराने टोकन के बदले नया टोकन लेने के लिए लिए ई-दिशा केंद्र पहुंचे। 30 अप्रैल से पहले तिथि वाले लोगों को दोबारा से टोकन नंबर लेना पड़ा। नया टोकन लेने के लिए लोगों ने आवेदन किया। जिस कारण पुराने और नए आवेदन आपस में मिक्स हो गए। इसी कारण लोगों में रोष फैल गया। शहर के हुडा सेक्टर की रहने वाली गीता अपने पति नरेंद्र कुमार के साथ रजिस्ट्री के लिए समय लिया हुआ था। उनका कहना है कि जब वे पहले आए तो कर्मचारियों ने कहा कि सॉफ्टवेयर अपडेट नहीं हुआ। वे चले गए। बाद में पता चला कि नायब तहसीलदार से आवेदन मार्क करवाकर लोग टोकन के लिए आवेदन कर रहे हैं। ऐसे में जब ई दिशा केंद्र पहुंचे तो पुराने टोकन और नए टोकन के लिए आवेदनों के मिक्स हो जाने के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रानियां खंड के गांव धोतड़ से आए किसान राजेश हुड्डा का कहना है कि चार अप्रैल को उन्होंने रजिस्ट्री के लिए टोकन लिया। 25 अप्रैल को रजिस्ट्री होनी थी, लेकिन टोकन की समय अवधि खत्म हो जाने के बाद नायब तहसीलदार से मिलकर दोबारा नंबर लगवाकर आया। शहर के ही तरूण ने बताया कि एक दिन में 60 रजिस्ट्रियां दर्ज करने का नियम है। इसके अतिरिक्त तत्काल में दस रजिस्ट्रियां अलग से दर्ज होती है। प्रशासन को चाहिए कि वे रजिस्ट्रियां दर्ज करने की संख्या में वृद्धि करें।
30 को टोकन लेने वालाें की रजिस्ट्री अब होगी सात अप्रैल
30 अप्रैल को ई-दिशा केंद्र में जिन लोगों ने रजिस्ट्रियां करवाने के लिए टोकन लिया है, उनकी रजिस्ट्री सात अप्रैल को होगी। एक मई वाले की आठ अप्रैल को। यह क्रम चलेगा। सोमवार को ई-दिशा केंद्र में दोपहर एक बजे तक गाड़ी की आरसी के लिए 117, लाइसेंस के लिए 105, जमीन की फर्द के लिए 200, आय प्रमाण पत्र के लिए 14 ने आवेदन किया।
हेल्प डेस्क पंकज से लोग फोन पर ले रहे थे जानकारी
ई-दिशा केंद्र में काम के लिए आने वाले लोग अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण हेल्प डेस्क काउंटर पर तैनात पंकज से फोन पर ही हड़ताल खत्म होने की जानकारी ले रहे थे। हड़ताल के समय जब लोग बिना काम करवाए वापस लौट रहे थे तो हेल्प डेस्क पंकज ने उन्हें अपना नंबर दे दिया और सोमवार को वह फोन पर ही लोगों को हड़ताल खत्म होने की जानकारी देता रहा।
वेबहिलरिस का शुभारंभ होने के कारण थोड़े समय हुई थी दिक्कत : संजय साहनी
जिला विज्ञान एवं विज्ञान अधिकारी संजय साहनी का कहना है कि ई-दिशा केंद्र में वेबहिलरिस का शुभारंभ किया गया। इसलिए आज कुछ समय के लिए सिस्टम अपडेट नहीं हुआ। हालांकि बाद में कोई दिक्कत नहीं आई। ई-दिशा केंद्र में काम शुरू हो गया है।