रोजाना करीब एक हजार श्रद्धालु कर रहे सफर
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। गोगामेड़ी मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिले से पांच स्पेशल मेला बसें चलाई जा रही हैं। इनमें तीन निजी बस संचालकों को परमिट मिला है, जबकि दो बसें रोडवेज की ओर से संचालित हैं। इन बसों से श्रद्धालुओं को गोगामेड़ी तक सीधी यात्रा की सुविधा मिल रही है।
गोगामेड़ी मेले के कारण जिले में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। नए बस अड्डे से प्रतिदिन करीब एक हजार यात्री गोगामेड़ी के लिए रवाना हो रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए निजी और रोडवेज दोनों ने स्पेशल मेला बसें चलाई हैं।
ये बसें निर्धारित रूट से गोगामेड़ी के गोरख टीले तक पहुंचती हैं। पंजाब से सिरसा होकर गोगामेड़ी जाने वाले श्रद्धालुओं को इसका विशेष लाभ मिल रहा है। पहले उन्हें जमाल, चौपटा या गिगोरानी से बसें बदलनी पड़ती थीं।
बस संचालन और मांग
जीएम अजय दलाल ने बताया कि मेले के दौरान यात्रियों की संख्या में वृद्धि को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है। यात्रियों की संख्या और मांग के आधार पर बसों की संख्या या फेरों में बदलाव पर विचार हो सकता है। गोगामेड़ी मेले के कारण बस अड्डे के साथ बेगू रोड, जमाल रोड और चौपटा से भट्टू रोड पर भी आवाजाही बढ़ी है। रोडवेज ने यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल बसों का संचालन सुनिश्चित किया है।