ओढां। घर जा रहे व्यक्ति का रास्ता रोककर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में हरबंस लाल को काफी चोटें आईं, जिसके चलते उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बडागुढ़ा पुलिस ने गांव झीड़ी निवासी एक व्यक्ति के बयान पर पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस को दिए बयान में गांव झीड़ी निवासी घायल हरबंस लाल ने बताया कि वह भेड़-बकरी चराता है। दो अक्तूबर की रात्रि वह और उसका साथी चुन्नी लाल दोनों घर की ओर जा रहे थे। रास्ते में जब वे गोरा सिंह के मकान के पास पहुंचे तो गोरा सिंह अपने घर के बाहर खड़ा था जोकि उन्हें रोककर झगड़ा व गाली-गलौच करने लगा।
हरबंस लाल का आरोप है कि गोरा सिंह उसे पकड़कर घसीटते हुए अपने घर के अंदर ले गया जहां उसके साथी सोनू, फौजी, सेवक, सतनाम व मनप्रीत सिंह भी मौजूद थे। जहां पहले गोरा सिंह ने पहले उस पर कुल्हाड़ी से वार किया और फिर सभी आरोपियों ने मिलकर उसे पीटना शुरू कर दिया।
इस दौरान उसके साथी चुन्नी लाल ने उसे छुड़वाना चाहा तो आरोपियों ने उससे भी मारपीट की। जांच अधिकारी बालकृष्ण ने बताया कि पुलिस ने घायल के बयान पर गांव झीड़ी निवासी सोनू, फौजी, सेवक, सतनाम व मनप्रीत सिंह सहित पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।