सिरसा। सरकारी व निजी स्कूलों के पास यू-डाइस (यूनिफाइड डिस्ट्रक्टि इंफार्मेशन सिस्टम) का सोमवार शाम पांच बजे तक का समय है। इसके बाद विभागीय पोर्टल बंद कर दिया जाएगा। जिले में अब तक 46 स्कूलाें ने यू-डाइस फार्म नहीं भरा है। ऐसे में शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को पत्र जारी कर चेतावनी जारी की है। सोमवार तक पत्र नहीं भरा जाएगा तो संबंधित स्कूलों पर विभाग की तरफ से कार्रवाई की जाएगी। जिले में 1134 में से 1088 स्कूलों ने यू-डाइस का फॉर्म भरा है।
दरअसल पहली से बारहवीं कक्षा तक के सरकारी व निजी स्कूलों को यू-डाइस का प्रपत्र भरना अनिवार्य होता है। इस फार्म को भरने के बाद सरकार द्वारा दी जानी वाली सुविधाएं स्कूलों को मिलती है। जिले के सात ब्लॉकों में से 3 ब्लॉक के 46 स्कूलों ने अभी तक यू-डाइस नहीं भरा है। इनमें से 30 सरकारी व 16 निजी स्कूल है। यू-डाइस में डाटा अपलोड न होने के कारण शिक्षा विभाग ने स्कूलों को चेतावनी जारी की है। चेतावनी में शिक्षा विभाग ने स्कूलों को कहा है कि सभी स्कूल सोमवार तक यू-डाइस का फार्म भर दे। यदि कोई स्कूल सोमवार तक यू-डाइस नहीं भरता है तो उसकी रिपोर्ट निदेशालय को भेज दी जाएगी। इसके बाद यू-डाइस का पोर्टल भी बंद कर दिया जाएगा। इस दौरान अगर कोई फॉर्म नहीं भरता है तो उस स्कूल को किसी प्रकार की कोई ग्रांट जारी नहीं की जाएगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी स्कूल की ही होगी।
सात खंडों के 1088 विद्यालयों ने भरा है यू-डाइस
जिले के 7 खंडों के 1088 स्कूलों ने यू-डाइस का फॉर्म भरा है। सातों खंडों में 1134 सरकारी व निजी स्कूल है। अभी भी 46 विद्यालय ऐसे हैं, जिन्होंने यू डाइस डाटा अपलोड नहीं किया है। इनमें सिरसा खंड के 11 निजी व एक सरकारी स्कूल, नाथूसरी चोपटा ब्लॉक के 15 सरकारी व चार निजी स्कूल और बड़ागुढ़ा ब्लॉक के 15 सरकारी व एक निजी स्कूल ने डाटा अभी तक अपलोड नहीं किया है।
फॉर्म में इस प्रकार से देनी होती है बच्चों की जानकारी
- यूडाइस में संबंधित स्कूल मुखिया को अपने स्कूल के प्रत्येक कक्षा में विद्यार्थियों की संख्या,
- स्कूल में कमरे की संख्या
- विद्यार्थियों को दी जा रहीं सुविधाएं
- शिक्षकों की स्थिति
- शिक्षकों की योग्यता
- वाहन व्यवस्था सहित संपूर्ण विवरण
एक मार्च तक जिले के 46 स्कूलों ने यू डाइस का डाटा पोर्टल पर अपलोड नहीं किया है। इन विद्यालयों को अंतिम चेतावनी देते हुए सोमवार तक का समय दिया गया है। सोमवार तक डाटा अपलोड नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - नीरज मक्कड़, जिला प्रोग्रामर, समग्र शिक्षा अभियान सिरसा।