शहर में टावर पर लगाए जाएंगे वाई फाई सीसीटीवी कैमरे
सिरसा। सिरसा शहर जल्द ही तीसरी आंख में कैद होने वाला है। तीसरी आंख के प्रोजेक्ट पर प्रशासनिक स्तर पर सहमति हो चुकी है। सांसद कोटे से शहर के विभिन्न इलाकों में हाई रेजुलेशन वाले कैमरे स्थापित किए जाएंगे। इन कैमरों के माध्यम से कई प्रकार के कार्य साधे जा सकेंगे। इन कैमरों की मदद से जहां यातायात कंट्रोल किया जा सकेगा। वहीं असामाजिक तत्वों पर भी निगाह रखी जा सकेगी। सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी की ओर से जिला उपायुक्त प्रभजोत सिंह व पुलिस अधीक्षक हामिद अख्तर से मुलाकात कर सिरसा में विभिन्न जगहों पर कैमरे स्थापित करने को लेकर चर्चा हुई। टावर आधारित वाई फाई कैमरे कहां लगाए जाने है, इसको लेकर सर्वे किया जा रहा है। ताकि पूरा शहर ही कैमरों की निगरानी में आ सकें। इसके लिए एसपी कार्यालय में ही कंट्रोल रूम बनाए जाने का विचार किया गया है। पूर्व में शहर में 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने का प्रस्ताव पास किया गया था। अब इसमें संशोधन कर सिरसा शहर को वाई फाई आधारित कैमरों का लाभ मिल पाएगा।
यातायात व्यवस्था सुधारने में करेंगे मदद:
चौक-चौराहों पर लगाए गए कैमरों में यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालक भी कैद हो जाएंगे। रेड लाइट जंप करने वाले, जिग-जैग वाहन चलाने वाले या नियम तोड़ने वालों को कैमरे की रिकार्डिंग के अनुसार चालान थमाया जा सकेगा। ऐसे में वाहन चालक यातायात नियमों की दृढ़ता से पालना करेंगे और यातायात में सुधार आएगा।
क्राइम कंट्रोल में बनेंगे मददगार:
वाई फाई कैमरे क्राइम कंट्रोल करने में भी अहम भूमिका अदा करेंगे। चूंकि दूर तक रिकार्डिंग करने में सक्षम इन कैमरों द्वारा पल-पल की घटना रिकार्ड की जाएगी। उच्च स्तरीय क्वालिटी और हाई रेजुलेशन होने की वजह से तस्वीर को साफ-साफ देखा जा सकेगा। ऐसे में वारदात करने वाले अथवा वारदात के बाद फरार होने वाले आरोपियों को आसानी से पहचाना जा सकेगा।
हमारे साथ एमपी चरणजीत सिंह रोडी की कैमरे लगाने पर चर्चा हुई है। किन्हीं कारणों से यह मामला अटका हुआ था। अब इसे जल्द ही पूरा किया जाएगा।
हामिद अख्तर, एसपी सिरसा।