अधिकारियों की बैठक लेते आईएएस यश जालुका।
सिरसा। जिले में आगामी वित्त वर्ष में 342 मत्स्य यूनिट स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसकी लागत 4694 करोड़ रुपये रहेगी। इसमें विभागीय सहायता जोकि अनुदान के रूप में होगी वह 2816.10 करोड़ रहेगी, जबकि लाभार्थियों का शेयर 1877.90 करोड़ रुपये रहेगा। जिला में जो भी किसान खारे पानी में झींगा पालन व मीठे पानी में मत्स्य पालन करना चाहता है, वह अपना आवेदन जिला मत्स्य अधिकारी कार्यालय में जमा करवा दें, ताकि उन्हें मत्स्य पालन के लिए अनुदान दिया जा सके।
इसको लेकर जिला मत्स्य अधिकारी जगदीश चंद्र ने बुधवार को लघु सचिवालय स्थित प्रशिक्षणाधीन आईएएस यश जालुका की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की। बैठक में वित्त वर्ष 2023-24 में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना व अन्य योजनाओं के तहत जिले में स्थापित की जाने वाली प्रस्तावित यूनिटों व उनकी लागत के बारे में चर्चा की गई। इसके साथ ही वित्तवर्ष 2022-23 में विभाग की उपलब्धियों की जानकारी भी दी गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत 300 यूनिट में झींगा पालन प्रस्तावित किया गया है। इसके साथ ही इस वित्त वर्ष में दो कोल्ड स्टोर, दो रेफ्रिजरेटर वाहन, दो इंस्यूलेटिड वाहन, आइस बॉक्स समेत तीन थ्री व्हीलर, आइस बॉक्स सहित मोटरसाइकिल व साइकिल आदि के अनुदान एवं लाभ किसानों को दिया जाना प्रस्तावित है।
सरकार दे रही अनुदान, किसान मत्स्य पालन कर बढाएं आमदनी : यश जालुका
प्रशिक्षणाधीन आईएएस यश जालुका ने किसानों का आह्वान किया कि वे मत्स्य पालन करके अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं। सरकार की ओर से प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत अनुदान प्रदान किया जाता है। उन्होंने कहा कि जिला के किसान जो भी झींगा पालन करना चाहता है, वह अपना आवेदन जिला मत्स्य अधिकारी के कार्यालय में जमा करवा दें, ताकि उनके आवेदनों पर विचार करते हुए उन्हें अनुदान दिया जा सके।