अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। बुधवार को राजकीय महिला कालेज की बीए फाइनल की छात्राओं ने द्वितीय सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम में खराब आने पर सीडीएलयू के गेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की सूचना पहले ही सीडीएलयू को मिल गई, इसलिए सुरक्षा कर्मचारियों ने गेट बंद कर दिए। रजिस्ट्रार ने मौके पर आकर ज्ञापन लेना चाहा। लेकिन छात्राएं अंदर आकर वीसी को मांग पत्र देना चाहती थी। रजिस्ट्रार ने रिअपीयर की परीक्षा की दोबारा चेकिंग करने के मांग पत्र पर प्रिंसिपल के हस्ताक्षर करवाने के लिए कहा। प्रदर्शनकारी छात्राओं ने सीडीएलयू के गेट पर धूप में करीब डेढ़ घंटा प्रदर्शन किया। प्रिंसिपल के हस्ताक्षर के बाद रजिस्ट्रार ने मांग पत्र लिया।
राजकीय महिला कालेज सिरसा की छात्राएं खुशबू भारती, मोनिका, प्रियंका, प्रवीन, रीनू, अनीता, ममता, पूजा, विश्वा, मनप्रीत, रेणु, सोनिया, सरोज, मंजू, रितू, पवन एसएफआई के बैनर तले कालेज से प्रदर्शन करते हुए पैदल ही सीडीएलयू के गेट पर पहुंची। छात्राओं ने बताया कि वे बीए तृतीय वर्ष की छात्राएं हैं। बीते दिन सीडीएलयू ने बीए द्वितीय सेमेस्टर का रिअपीयर का परीक्षा परिणाम घोषित किया। जिसमें कि छात्राओं को फेल कर दिया गया। छात्राओं ने कहा कि किसी के चार नंबर दिए हैं और किसी को छह। महिला महाविद्यालय की छात्राओं के प्रदर्शन की बात सुनकर रजिस्ट्रार मौके पर आ गए। छात्राओं ने उन्हें अपनी समस्या से अवगत करवाया। रजिस्ट्रार राजकुमार सिवाच ने कहा कि उन्हें फीस तो जमा करवानी ही पडे़गी।
रजिस्ट्रार ने छात्राओं से कहा कि वे प्रिंसिपल से रि चेकिंग के मांग पत्र पर हस्ताक्षर करवाकर लाएं। छात्राएं बोली प्रिंसिपल हमारी सुनता नहीं। रजिस्ट्रार ने कहा कि वो आपकी बात नहीं सुनते, तो हम कैसे सुन लेंगे। छात्राएं बोली अतिथि देवो भव सीडीएलयू का नारा है। हम अतिथि हैं। रजिस्ट्रार ने कहा कि अतिथि धरना प्रदर्शन नहीं करते। लेकिन छात्राएं अंदर प्रवेश करने के लिए अड़ी रही। रजिस्ट्रार ने कहा कि आप विश्वविद्यालय के छात्र नहीं हैं आप कॉलेज की छात्राएं हैं। इसलिए अंदर नहीं आ सकती। छात्राएं आउटसाइडर कहने पर भड़क गई। रजिस्ट्रार ने कहा कि हम सीडीएलयू में राजनीति नहीं करने देंगे। छात्राओं ने जवाब दिया कि मुद्दा उठाना कोई राजनीति नहीं है, ये हमारा हक है। रजिस्ट्रार ने कहा कि आप प्रिंसिपल से लिखवाकर लाए ताकि रिचेकिंग के परोपर चैनल से आए।
करीब साढ़े 12 बजे आए दोबारा से रजिस्ट्रार
राजकीय महिला महाविद्यालय की छात्राएं प्रिंसिपल से हस्ताक्षर करवाकर ले आई। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने रजिस्ट्रार राजकुमार सिवाच को फोन किया। रजिस्ट्रार मीटिंग को छोड़कर छात्राओं से ज्ञापन लेने बाहर आए। रजिस्ट्रार ने ज्ञापन लेते हुए कहा कि यदि कोई तकनीकी कमी हुई तो हम उसे चेक करवाएंगे। छात्राओं ने कहा कि हम दो घंटे से बाहर गेट पर प्रदर्शन कर रही हैं। रजिस्ट्रार ने कहा कि यदि रिजल्ट में तकनीकी गलती नहीं हुई तो आप को दोबारा से रिचेकिंग के लिए आवेदन करना होगा। इसके बाद छात्राएं वापस चली गई।
बुधवार को समाप्त हुआ था बीपीएड का 17 दिन चलने वाला धरना
सीडीएलयू में 27 अगस्त को फिजिकल विभाग के छात्रों ने 17 दिन तक धरना दिया था। बुधवार को यह धरना खत्म हुआ तो गुरुवार को राजकीय महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने परीक्षा परिणाम को लेकर प्रदर्शन कर दिया। सीडीएलयू इन दिनों विद्यार्थियों की धरना स्थली बनी हुई है। इसलिए प्रशासन ने बाहरी छात्रों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया।
बीए तृतीय वर्ष की इन छात्राओं के आए रिअपीयर में अंक
छात्रा, पेपर, अंक
प्रिंयका, इंग्लिश, 16
रीतू, इंग्लिश, 12
अनीता, जियोग्राफी, 9
नवीनता, इंग्लिश,20
मल्लिका, इतिहास,24
मोनिका, इंग्लिश, 26
दीक्षा, इंग्लिश, 6
रचना, इंग्लिश, 11
प्रदीप, इंग्लिश, 15
तमन्ना, इंग्लिश, 12
किरण, इंग्लिश,4
मनीषा, इंग्लिश, 14