सिरसा। सीआईए कालांवाली पुलिस ने कार सवार तीन युवकों को 300 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ कालांवाली पुलिस थाने में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। डीएसपी संदीप धनखड़ ने बताया कि तीनों आरोपी पेशेवर अपराधी हैं।
डीएसपी ने बताया कि मंगलवार को सीआईए कालांवाली की टीम एसआई रामस्वरूप के नेतृत्व में बस अड्डा नौरंग के पास मौजूद थी। इसी दौरान गुप्तचर ने सूचना दी कि सुखविंद्र सिंह, जस्सा सिंह व संजय उर्फ संजू निवासी कालांवाली नशीला पदार्थ बेचने का धंधा करते हैं। उक्त तीनों बठिंडा गए हुए हैं और वहां से भारी मात्रा में हेरोइन लेकर आने वाले हैं।
सूचना के आधार पर सीआईए की टीम ने नौरंग की तरफ आने वाले मार्ग पर नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान पुलिस को एक कार आती दिखाई दी। पुलिस ने कार को रोका लिया। कार में तीन लोग सवार थे। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें से 300 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ करने पर कार सवार युवकों की पहचान सुखविंद्र सिंह, जस्सा सिंह व संजय उर्फ संजू निवासी कालांवाली के रूप में हुई।
इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी संदीप धनखड़ ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। बरामद हेरोइन की कीमत करीब 20 लाख रुपये है।
तीनों आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई केस
डीएसपी संदीप धनखड़ ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि आरोपी जस्सा सिंह के खिलाफ कालांवाली पुलिस थाने में शस्त्र अधिनियम के दो, एनडीपीएस एक्ट का एक व झगड़े के दो मुकदमे दर्ज हैं। वहीं आरोपी संजय उर्फ संजू के खिलाफ कालांवाली थाने में पांच केस दर्ज हैं। इनमें चोरी, झगड़े, शस्त्र अधिनियम व कोर्ट के आदेश की अवहेलना करने का मुकदमा शामिल है। इसके अलावा आरोपी सुखविंद्र सिंह के खिलाफ सात केस कालांवाली थाने में दर्ज हैं।