सिरसा। सीआईए ऐलनाबाद व सीआईए सिरसा पुलिस टीम ने गश्त के दौरान दो मामलों में बाइक सवार तीन युवकों को 12 ग्राम 93 मिलीग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है।
एसपी दीपक सहारण ने बताया कि सीआईए ऐलनाबाद की पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान नानुआना रोड रानियां से होते हुए स्टेडियम की तरफ जा रही थी। रानियां स्टेडियम के नजदीक पहुंची तो सामने से एक युवक ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम अमरजीत सिंह उर्फ खैरा निवासी गांव बालासर बताया। उसके पास से 6 ग्राम 52 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई ।
एक अन्य घटना में सीआईए सिरसा की टीम गांव फुलकां क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गांव की तरफ से बाइक सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने शक के आधार पर उन्हें काबू कर लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम राहुल निवासी ताजिया खेड़ा व चंद्रपाल उर्फ चंद्र निवासी गांव फुलकां बताया। उनके पास से 6 ग्राम 41 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। दोनों के खिलाफ मादक अधिनियम के तहत प्राथमिकी डिंग थाने में दर्ज की गई।