मुख्यमंत्री उड़नदस्ता, सीआईडी, रोडवेज और आरटीए की संयुक्त टीम ने शुक्रवार रात अभियान चलाकर सिरसा और डबवाली में वाहनों की जांच-पड़ताल की। इस दौरान पांच ओवरलोड ट्रकों और तीन टूरिस्ट बसों को परमिट के बिना सवारियां उठाते हुए पकड़ा। इन वाहनों पर 3.20 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
शुक्रवार रात को आरटीए , मुख्यमंत्री उड़नदस्ते, सीआईडी और रोडवेज विभाग की संयुक्त टीम ने सालासर धाम मंदिर के सामने बस स्टैंड पर यात्रियों को चढ़ाने के लिए रुकी पंजाब के जलालाबाद से दिल्ली जा रही दो बसों को रुकवाकर जांच की। जांच के दौरान बस के दस्तावेज टूरिस्ट परमिट के निकले। जबकि बस में सवारी बैठाने के लिए स्टेट कैरिज परमिट होना अनिवार्य है। ऐसे में बिना स्टेट कैरिज परमिट के यात्रियों को सवार करने पर बसों पर 40000 का जुर्माना लगाया गया। वहीं दो ओवरलोड ट्रक पाए जाने पर उन पर भी 40000 का जुर्माना लगाया गया। इस मौके पर आरटीए हीरा सिंह, सीआईडी इंचार्ज इंस्पेक्टर जोगेंद्र सिंह, रोडवेज महाप्रबंधक केआर कौशल, इंस्पेक्टर राकेश उपस्थित रहे।
उधर, डबवाली में तीन ट्रकों और एक मिनी बस पर जुर्माना लगाया। नमक से लदे ट्रक गुजरात से पंजाब के लुधियाना की तरफ जा रहे थे। टीम ने इनके दस्तावेजों की जांच की तो यह ट्रक ओवरलोड मिले। टीम ने एक ट्रक पर 82000 और दूसरे ट्रक पर 58000 का जुर्माना ठोंका। जबकि एक सीमेंट लदे ट्रक के दस्तावेज अधूरे मिलने पर 32000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, एक मिनी बस बिना टैक्स के पाई गई तो उस पर भी टीम ने 29 000 का जुर्माना लगाया है।
लंबे समय से चल रही बिना स्टेट कैरिज परमिट की बसें
टीम द्वारा पकड़ी गई यह बसे लंबे समय से पंजाब के जलालाबाद से दिल्ली रूट पर चल रही है। इन बसों में सवार होने के लिए यात्रियों को पहले से ही बुकिंग करवानी पड़ती है। जबकि बसों का समय भी तय है। टूरिस्ट परमिट पर चलने वाली बसें जगह-जगह से यात्रियों को सवार करती है और दिल्ली तक पहुंचाती है।
एक विभाग के चालक ने टीमों के साथ किया दुर्व्यवहार
अभियान के दौरान रात को सिरसा में एक विभाग की टीम का चालक भी सिरसा पहुंच गया। उसने अभियान चलाने वाली टीमों के सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार किया। विभागीय अधिकारियों ने रात को पुलिस बुलाकर उसका मेडिकल करवाया। हालांकि मेडिकल में उसके शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई। उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दी गई।
कोट
जिले में चार टीमों ने मिलकर अभियान चलाते हुए पांच ओवरलोड ट्रकों और तीन बसों पर 3.20 लाख का जुर्माना लगाया। इससे पहले भी कई ओवरलोड ट्रकों पर जुर्माना लगाया गया है।
- हीरा सिंह, आरटीए, सिरसा