सिरसा। एक परिवार को विदेश भेजने के नाम पर तीन सगे भाईयों ने 26 लाख 19 हजार रुपये ठग लिए। पुलिस ने पीड़ित परिवार के मुखिया की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी अमनदीप, राजन कुमार व सचिन गांव सुखेरा खेड़ा जिला सिरसा के रहने वाले हैं।
पुलिस को दिए बयान में ढाणी मौजू ऐलनाबाद निवासी विनोद कुमार ने बताया कि अक्तूबर 2023 में वह अपने जीजा संदीप कुमार से मिलने गांव सुखेरा खेड़ा गया था। यहां उसकी मुलाकात अमनदीप के साथ हुई। उसने बताया कि वह लोगों को विदेश भेजने का काम करता है। उसका भाई राजन व सचिन भी उसके साथ यही काम करते हैं।
विनोद का कहना है कि अमनदीप ने उसे कहा कि उसका भाई सचिन यूके में रहता है, तुम भी यूके जा सकते हो। विनोद ने अमनदीप समक्ष अपनी पत्नी व बेटी के साथ लंदन जाने की इच्छा जताई। अमनदीप ने तीनों को लंदन भेजने की एवज में 32 लाख रुपये मांगे। विनोद का कहना है कि डील तय होने पर अमनदीप, उसका भाई राजन व सचिन ने उनसे 26 लाख 19 हजार 200 रुपये ले लिए।
इसके बाद आरोपियों ने न उन्हें विदेश भेजा और न ही रुपये वापस किए। थाना प्रभारी प्रगट सिंह का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।