कोरोना वैक्सीनेशन अभियान के दौरान वीरवार को जिले में नौ केंद्रों पर 253 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाई गई। जिले में अब तक 3961 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी हैं। वैक्सीनेशन को लेकर शुक्रवार को जिले में मेगा ड्राइव चलाया जाएगा, जिसमें 29 केंद्रों पर वैक्सीन लगाई जाएगी।
कोरोना वैक्सीनेशन के लिए वीरवार को नागरिक अस्पताल, डबवाली व ऐलनाबाद के अस्पतालों के अलावा, पीएचसी माधोसिंघाना, सीएचसी नाथूसरी चौपटा, रानियां, ओढ़ां, बडागुढ़ा व चौटाला में वैक्सीनेशन किया गया। जिले में 6533 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया है। पहले चरण के लिए कोविशिल्ड वैक्सीन की 7320 डोज आई थी। वैक्सीन की दूसरी डोज भी सिरसा पहुंच चुकी है। विभाग का लक्ष्य है कि पहले चरण के लिए सभी स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगा दी जाए।
दो नए संक्रमित मरीज मिले
वीरवार को आई रिपोर्ट में जिले में दो नए संक्रमित मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने 971 मरीजों के कोरोना सैंपल लिए थे। जिनमें से 13 मरीजों के सैंपलों की रिपोर्ट आई है। इनमें से दो मरीज पॉजिटिव पाए गए। जिले में अब कुुल 10 ही कोरोना के मरीज पॉजिटिव हैं, जिनका इलाज जारी है।
कोट्स
जिले में कोरोना वैक्सीनेशन के तहत वीरवार को नौ सेंटरों पर 253 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाई गई है। अब तक 3961 हेल्थ वर्कर्स को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। शुक्रवार को वैक्सीन को लेकर मेगा ड्राइव चलाया जाएगा, जिसमें जिले में 29 स्थानों पर स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाई जाएगी।
-डॉ. बालेश बांसल, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग सिरसा।