सिरसा। जिला नागरिक अस्पताल में आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए विशेष शिविर लगाया जा रहा है। दूसरे दिन मंगलवार को शिविर में 23 मरीजों का इलाज किया गया। ऐलनाबाद की मुन्नी देवी (65) के आखों में सफेद मोतिया का ऑपरेशन किया गया है। इसी प्रकार ऑर्थो के दो, आंखों के तीन, जनरल सर्जरी का एक मरीज, दवा सहित परामर्श, छह महिलाओं की नाॅर्मल डिलीवरी व कुत्ते काटने के मरीजों को आयुष्मान कार्ड के तहत शिविर में पहुंचने पर इलाज किया गया है।
शिविर से अस्पताल में आने वाले मरीजों को आयुष्मान के तहत फ्री में सफल इलाज मिल रहा है। सरकारी अस्पताल में यह सुविधा उपलब्ध होने से गरीब वर्ग को राहत मिली है। निजी अस्पतालों में जहां इन ऑपरेशनों पर 30 से 50 हजार रुपये तक खर्च आता था, वहीं आयुष्मान के तहत यह सभी उपचार निशुल्क किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह शिविर 21 नवंबर तक लगाया जाएगा।
सरकार की ओर से निजी अस्पतालों में सरकार ने आयुष्मान के तहत 11 सेवाओं के ऑपरेशन व जांच की सुविधा बंद कर दी है। हालांकि सिरसा में यह सेवाएं नागरिक अस्पताल के पास उपलब्ध हैं। इसी सुविधा का मरीज लाभ उठा सकते हैं। इसी लाभ को देने के लिए सात दिवसीय कैंप लगाए जा रहे हैं।
मरीजों में हुआ इजाफा, 50 पहुंची संख्या
दो दिनों सोमवार व मंगलवार से ही जिला नागरिक अस्पताल में आयुष्मान कार्ड धारकों के इलाज के लिए संख्या में इजाफा होने लगा है। अस्पताल में सुबह 8 बजे से ही आयुष्मान कार्ड धारक इलाज के लिए खिड़की पर रजिस्ट्रेशन करवाते हुए नजर आते हैं। मंगलवार को आयुष्मान कार्ड योजना के तहत करीब 50 मरीजों का रजिस्ट्रेशन हुआ है। इसमें मरीजों को उनकी बीमारी से संबंधित चिकित्सक से परामर्श के बाद इलाज दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग आयुष्मान योजना के तहत लगने वाले शिविर को पूर्ण गंभीरता से लेकर काम कर रहा है, जो बेहद सराहनीय भी है।
शिविर में इन बीमारियों का हो रहा इलाज
कुल्हा बदलना, घुटना बदलना, हर्नियां, अपेंडिक्स, मोतियाबिंद, बबासीर, कान के पर्दे, गले के टोन्सिस, एडेनोईसिस, अंडकोश में पानी भरना, बाथरूम लिंग अग्रतव्चा के ऑपरेशन।
-
यह होगी आगामी जांच
बुधवार : गायनी व ऑर्थोपेडिक।
वीरवार : जनरल सर्जरी व आई सर्जरी।
शुक्रवार : ऑर्थो व जनरल सर्जरी।
-
जिले के मरीजों को आयुष्मान कार्ड पर इलाज मिल सके, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। यह शिविर इस पूरे सप्ताह में चलाया जाएगा, ताकि मरीजों को इलाज मिल सके डॉ. संदीप कुमार, जिला नोडल अधिकारी, आयुष्मान।