कालांवाली। शहर में मुख्यमंत्री उड़नदस्ता टीम ने डीएपी खाद की बिक्री में अनियमितता की सूचना पर छापा मारा। उप निरीक्षक राजेश कुमार, उप निरीक्षक जितेंद्र सिंह व क्यूसीआई अमित कुमार की टीम ने संयुक्त रूप से राकेश ट्रेडिंग कंपनी दुकान नंबर 47 कालांवाली पर जांच की। गोदाम में 23 बैग डीएपी खाद अधिक पाए जाने पर फर्म को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
साथ ही पूरी तरह से बिल्टी बिल की जांच की जाएगी, किस स्तर पर यह लापरवाही हुई है। जांच के बाद उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी। टीम ने फर्म की दुकान पर निरीक्षण के दौरान पाया कि कुल 7,000 बैग डीएपी होलसेल में अलॉट की गई थी। इसमें से कुल 4,430 बैग डीएपी होलसेल में बेची गई। रिकॉर्ड के दौरान कुल 2,570 बैग डीएपी होलसेल तौर पर दर्ज की।
इसके अलावा फर्म ने अपने रिटेल स्टॉक में 1,150 बैग डीएपी दर्शाए हुए थे। इनमें से 1,034 बैग की रिटेल में किसानों को फर्म ने बेचे और 116 स्टॉक में बकाया दर्शाया गया। अधिकारियों ने जब पीओएस मशीन की जांच की तो उसमें होलसेल के कुल 1,420 बैग डीएपी दर्शाई गई और फर्म के स्टॉक में 1,536 बैग दर्शाए गए।
रिकॉर्ड का सही मिलान नहीं होने पर टीम ने फर्म के गोदाम में जाकर जांच की। इस दौरान गोदाम में कुल 1,309 बैग डीएपी पाए गए। इस दौरान पुष्टि हुई कि 250 बैग सिरसा रैक प्वाइंट पर पेंडिंग है। क्यूसीआई अधिकारी ने अपने स्तर पर जांच की तो पता चला कि ओम फर्टिलाइजर सिरसा की ओर से व्हाट्सएप के माध्यम से बिल्टी बिल भेजे गए थे और कुल 1,559 बैग डीएपी होलसेल स्टॉक में दर्ज की गई है। स्टॉक का पूरी तरह से मिलान करने के बाद सामने आया कि पीओएस मशीन की डिटेल रिपोर्ट में 23 बैग अधिक पाए गए।
-
राकेश ट्रेडिंग कंपनी दुकान 47 पर छापा मारा है। रिकॉर्ड में डीएपी का स्टॉक अधिक मिला है। गोदाम में 23 बैग डीएपी की अधिकता सामने आई है। कृषि विभाग की जांच के बाद आगामी कार्रवाई होगी। फिलहाल फर्म को नोटिस जारी किया गया है।
- राजेश कुमार, इंचार्ज, सीएम फ्लाइंग टीम।
-
एजेंसी का स्टॉक ज्यादा पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। तब तक एजेंसी संचालक स्टॉक से खाद नहीं बेच सकता है, उस रोक लगा दी गई है। दस्तावेज की जांच आगामी कार्रवाई की जाएगा।
- अमित कुमार, क्यूसीआई अधिकारी, सिरसा।