नप टीम ने बरनाला रोड पर हटाया अतिक्रमण
सिरसा। अतिक्रमण को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। बुधवार को जहां डीसी-एसपी ने बाजारों में मुनादी करवाकर दुकानदारों को अतिक्रमण न करने के लिए आगाह किया। वहीं दूसरी ओर तहसीलदार संजय कुमार के नेतृत्व में बरनाला रोड पर बस स्टैंड से लेकर हाउसिंग बोर्ड चौक के दोनों ओर अतिक्रमण हटवाया गया। दोपहर बाद प्रशासन की ओर से कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस बल के साथ तहसीलदार अभियान पर निकले। उन्होंने दुकानों के आगे लगे हुए बोर्ड व होर्डिंग को हटवाया। दुकानों के आगे रखे हुए सामान को भी दुकानों के अंदर करवाया। दुकानदारों को हिदायत दी कि वे भविष्य में सामान को दुकान के बाहर न रखें। यदि कोई दुकानदार ऐसा करता पाया गया तो चालान किया जाएगा। इसके बाद टीम हाउसिंग बोर्ड चौक पर पहुंची। यहां पर बने हुए ढाबे को हटवाया गया। हालांकि ढाबा संचालक ने खुद ही अपना तंबू उखाड़ लिया। यह ढाबा लंबे समय से चल रहा था। ढाबा संचालक ने बर्तन साफ करने के लिए पक्का बाथरूम तक बनाया हुआ था। उसका पूरा गंदा पानी दीवार के पीछे बने हुए पार्क में जाता था। इसके अलावा शराब के ठेके के बाहर लगे हुए बोर्ड आदि भी हटवाए गए। यह अभियान सड़क के दोनों ओर चलाया गया। तहसीलदार ने दुकानदारों को समझाया कि सामान को सड़क पर रखकर अतिक्रमण न करें। इससे यातायात बाधित होता है और शहर के लोगों को परेशानी होती हैं। यदि दुकानदार सहयोग करेंगे तो शहर सुंदर दिखेेगा तथा आवागमन में किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आएगी।