12 करोड़ से गांव कुत्ताबढ़ के पास घग्घर नदी पर बनेगा ओवरब्रिज
रानियां। उपायुक्त प्रभजोत सिंह ने रानियां से गांव कुत्ताबढ़ के बीच घग्घर नदी पर ओवर ब्रिज बनाने के लिए मौका मुआयना किया। इस ओवरब्रिज का निर्माण कार्य सीएम अनाउसमेंट के माध्यम से करवाया जाना है।उपायुक्त ने बताया कि यह इस इलाके के लोगों की काफी पुरानी मांग थी, जिसे मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृति दे दी गई है। इस ओवरब्रिज का निर्माण 12 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा तथा इसके टेंडर भी हो चुका है।
उन्होंने बताया कि रानियां जाने के लिए लोगों को 20 किलोमीटर घूम कर जाना पड़ता था। इस ओवरब्रिज के बनने से मात्र 6 किलोमीटर का सफर तय करना होगा, जिससे लोगों व किसानों के समय व धन की बचत होगी। इस ओवरब्रिज से डायरेक्ट कनेक्टिविटी होने से लोगों व किसानों को बहुत फायदा होगा। इस अवसर पर उपायुक्त ने भू-स्वामियों से बातचीत की। भू-स्वामियों ने बताया कि वे अपनी जमीन देने के लिए तैयार हैं और उन्होंने सहमति पत्र पहले ही दे दिये हैं। इस अवसर पर एसडीएम ऐलनाबाद अमित कुमार, डीआरओ राजेंद्र कुमार, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी केसी कंबोज उपस्थित थे।