सिरसा। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनाव में ऑल इंडिया मजहबी सिख वेलफेयर एसोसिएशन पूरी तरह से सक्रिय नजर आएगी। एक सितंबर से कमेटी के वोट बनने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस बाबत संगठन ने अपने पदाधिकारी की ब्लॉक वाइस ड्यूटी लगा दी है।
ऑल इंडिया मजहबी सिख वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय कन्वीनर सविंद्र सिंह व प्रदेशाध्यक्ष चरणजीत सिंह भट्टी ने सिख समाज के लोगों से अपील की कि ज्यादा से ज्यादा वोट बनवाएं ताकि कमेटी चुनने में समुदाय के लोग अहम भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि सिख पंथ को खड़ा करने के लिए मजहबी सिख समाज का विशेष योगदान रहा है। आज इस समाज का सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी में कोई विशेष प्रतिनिधित्व नहीं है। उन्होंने हरियाणा सरकार और सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी से अपील की है कि हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी में रंगरेटे सिखों का योगदान और संख्या बल को देखते हुए अलग से आरक्षण मिलना चाहिए। हरियाणा से गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की 40 सीटों में से कम से 20 सीट रंगरेटे सिखों के लिए आरक्षित होनी चाहिए। इस मौके पर एसोसिएशन के राष्ट्रीय कन्वीनर रंगरेटा सोनी सिंह फौजी, धर्म प्रचार प्रधान हरियाणा ज्ञानी हाकम सिंह खालसा, राज सिंह मट्टू जिलाध्यक्ष सिरसा, मा. बलविंद्र सिंह थेड़ी, हरभजन सिंह मौजूद रहे।