पहली वारदात के बाद कार्रवाई में देरी पर ग्रामीणों ने लगाया था धरना
डर के चलते आधे विद्यार्थी ही पहुंचे स्कूल, शैक्षणिक गतिविधियां सुचारु रूप से
फोटो - 21
संवाद न्यूज एजेंसी
रानियां। गांव खारियां स्थित पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में हुई घटना के बाद पुलिस ने विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा बढ़ाई है। पुलिस ने डायल 112 के दो राइडर तैनात किए हैं। हालांकि, घटना का आरोपी युवक अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
आरोपी की गिरफ्तारी न होने से अभिभावकों और ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। शनिवार को डर के कारण विद्यालय में करीब आधे विद्यार्थी ही पढ़ने पहुंचे। इस दौरान विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियां सामान्य रूप से चलती रहीं।
पुलिस के राइडर विद्यालय में आने-जाने वाले लोगों पर नजर रख रहे हैं। हालांकि, आधी छुट्टी से लेकर छुट्टी के समय तक राइडर मुख्य द्वार पर मौजूद नहीं थे। इस दौरान शिक्षकों को खुद ही निगरानी करनी पड़ी।
पुलिस की तलाश और ग्रामीणों की चिंता
रानियां पुलिस ने शुक्रवार रात और शनिवार को गांव में गश्त की। आरोपी के संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी गई लेकिन उसका सुराग नहीं मिल पाया। अभिभावकों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी होने तक वे बच्चों को निश्चिंत होकर विद्यालय भेजने में असहज महसूस कर रहे हैं। सरपंच प्रतिनिधि तेग बहादुर पूनिया ने आरोप लगाया कि पहली शिकायत पर पुलिस गंभीर होती तो वीरवार की घटना रोकी जा सकती थी। ग्रामीणों ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और गांव में पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की है।
धरने की चेतावनी और थाना प्रभारी का बयान
अभिभावकों, पंचायत सदस्यों, ग्रामीणों और एसएमसी कमेटी सदस्यों ने चेतावनी दी है। यदि निर्धारित समय में आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ तो वे दोबारा विद्यालय के द्वार पर ताला लगाकर धरना-प्रदर्शन करेंगे। रानियां थाना प्रभारी रामकुमार ने बताया कि पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। उन्होंने विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए दो राइडर तैनात करने की जानकारी दी। रामकुमार ने ग्रामीणों से आरोपी के संबंध में कोई भी सूचना मिलने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की। इससे गांव में शांति बहाल की जा सकेगी।