- बप्पां और कर्मगढ़ के बीच हुआ हादसा, सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरे दोनों युवक
- रातभर नहीं लगी हादसे की भनक, सुबह ग्रामीणों ने बाइक और शव देखकर पुलिस को दी सूचना
संवाद न्यूज एजेंसी
ओढ़ां। गांव बप्पां और नेजाडेला खुर्द के बीच मंगलवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पेड़ से टकराने के बाद दोनों युवक उछलकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरे। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के गांव गदिया निवासी गिरीश कुमार और बिहार के पूर्णिया जिले के गांव खोखरिया निवासी सुमित उमराव के रूप में हुई है। दोनों क्षेत्र के अलग-अलग ईंट भट्ठों पर मजदूरी करते थे।
सुमित गांव बप्पां स्थित ईंट भट्ठे पर काम करता था जबकि गिरीश कर्मगढ़ के ईंट भट्ठे पर कार्यरत था। दोनों मित्र थे। पुलिस के अनुसार , मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे दोनों बप्पां से कर्मगढ़ स्थित ईंट भट्ठे पर जाने के लिए बाइक पर निकले थे।
इसके बाद पूरी रात उनका कोई सुराग नहीं लगा। बुधवार सुबह ग्रामीण मार्ग से गुजर रहे लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और दोनों युवकों के शव सड़क किनारे गड्ढे में पड़े देखे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बड़ागुढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, रात के समय तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई थी।
टक्कर के बाद दोनों युवक उछलकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरे। रात के समय घटनास्थल पर आवाजाही कम होने के कारण किसी को हादसे की जानकारी नहीं मिल सकी।
जांच अधिकारी शंभू कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। परिजनों के बयान दर्ज कर नियमानुसार इत्तेफाकिया कार्रवाई अमल में लाई गई है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों युवकों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए।