5 माह पूर्व ही हुई थी प्रवीण की शादी, निशु था अभी अविवाहित
फोटो 25 व 26
ओढ़ां। शुक्रवार को गांव पंजुआना के निकट हुई सड़क दुर्घटना में घायल कर्मगढ़ निवासी निशु के बाद पन्नीवाला मोटा निवासी 26 वर्षीय प्रवीण कुमार ने भी शुक्रवार रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, घायल हुए तीसरे युवक छोटूराम की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है लेकिन उसके पैरों में गंभीर चोटें हैं।
इस दुर्घटना में मारे गए प्रवीण व निशु दोनों के शवों का शनिवार को पोस्टमार्टम हुआ। इसके बाद दोपहर में दोनों के शव गांवों में पहुंचे तो हर तरफ चीख-पुकार मच गई। दोनों का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार हुआ। एएसआई सुखदेव सिंह ने बताया कि पुलिस ने पन्नीवाला मोटा निवासी लवप्रीत सिंह के बयान पर कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक प्रवीण व निशु दोनों खैरेकां स्थित आईटीआई के छात्र थे। उनका शुक्रवार को एग्जाम था। एग्जाम देने के बाद दोनों अपने-अपने गांव जाने के लिए खैरेकां बस स्टैंड पर वाहन के इंतजार में खड़े थे। इसी दौरान पन्नीवाला मोटा के निकट स्थित वाटर पार्क में नौकरी करने वाला पन्नीवाला मोटा निवासी छोटू राम बाइक लेकर सिरसा की तरफ से मार्केटिंग कर वापस आ रहा था। उसने अपने दोस्त प्रवीण को सड़क पर खड़े देखा तो उसने बाइक रोक ली।
इसके बाद प्रवीण व निशु दोनों युवक छोटूराम के साथ सवार हो गए। रास्ते में हाईवे पर निर्माण कार्य चलने के चलते वन वे था। इसी के कारण सामने से आ रही कार से बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। बड़ागुढा पुलिस को दिए बयान में प्रवीण के भाई लवप्रीत सिंह ने बताया कि उसका 26 वर्षीय भाई प्रवीण एग्जाम देने के बाद इसी गांव के छोटूराम के साथ बाइक पर सवार हो कर घर लौट रहा था।
इसके बाद उन्हें सूचना मिली कि प्रवीण का एक्सीडेंट हो गया है। वह इस समय सिरसा अस्पताल में भर्ती है। गंभीर चोटों के चलते उसके भाई ने शुक्रवार रात दम तोड़ दिया। प्रवीण की करीब 5 माह पूर्व ही शादी हुई थी तो निशु अभी अविवाहित था। वह अपने एक भाई से छोटा था। उसके पिता पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे हैं।
निशु के भाई गगनदीप के मुताबिक, उन्हें शुक्रवार सायं इस घटना की सूचना मिली तो वे अस्पताल पहुंचे। इस हादसे की सूचना के बाद दोनों परिवार सदमे में डूब गए। किसी को जरा सा भी आभास नहीं था कि घर से एग्जाम देने के लिए निकले दोनों युवक यूं कफन में लिपटे आएंगे।
मृतक प्रवीण का फाइल चित्र।