मटदादू के पास भोभिया ढाणी के निकट हुआ हादसा, टक्कर में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। गांव मटदादू के समीप भोभिया ढाणी के पास वीरवार देर रात टाटा एस और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें नागरिक अस्पताल डबवाली पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत दोनों को मृत घोषित कर दिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। मृतकों की पहचान टाटा एस चालक नरेंद्र शर्मा (30) पुत्र लाल बहादुर शास्त्री निवासी गांव केहरवाला के रूप में हुई है। बाइक चालक रिंकू पुत्र रूपराम निवासी मटदादू के रूप में पहचाने गए।
नरेंद्र शर्मा गांव मेहना खेड़ा के वाटर वर्क्स में पानी की आपूर्ति का काम करते थे। पुलिस के अनुसार, नरेंद्र शर्मा टाटा एस में मजदूरों को पंजाब के बड़ी बंगी गांव छोड़कर वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान भोभिया ढाणी के नजदीक सामने से आ रही बाइक से उनकी टक्कर हो गई। हादसे के समय टाटा एस में सवार रणवीर पुत्र श्रवण ने बताया कि टक्कर के बाद दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घायलों को अस्पताल पहुंचाना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को फोन किया गया लेकिन काफी देर इंतजार करने के बावजूद एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद डायल 112 की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस टीम ने दोनों घायलों को डबवाली के उपमंडल नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने की कार्रवाई
अस्पताल में नरेंद्र शर्मा ने दम तोड़ दिया। बाइक सवार रिंकू की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि मृतक रिंकू के चचेरे भाई मनीष कुमार पुत्र परस राम के बयानों के आधार पर टाटा एस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।