गांव शाह बेगू के पास सोमवार को हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। गांव शाह बेगू के पास गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। सदर पुलिस ने मृतक गुरमेल सिंह के पुत्र हरदेव सिंह के बयान दर्ज कर अज्ञात गाड़ी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव शाहपुर बेगू निवासी हरदेव सिंह ने बताया कि उसके पिता गुरमेल सिंह डेरा सच्चा सौदा के खेत में नौकरी करते थे। सोमवार को उसके पिता बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे।
हरदेव सिंह ने बताया कि रास्ते में एक तेज रफ्तार गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां उनकी मौत हो गई। सदर थाना प्रभारी शिवम का कहना है कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पेड़ से टकराई गाड़ी, चालक की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
रानियां। गांव केहरवाला के पास सड़क हादसे में गाड़ी चालक की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए।
गांव दौलतपुरा, जिला हनुमानगढ़ निवासी राजेश कुमार गांव मम्मड़ में लड़की के विवाह समारोह में शामिल होने आया था। गाड़ी में उसके साथ तीन अन्य लोग भी सवार थे। सोमवार रात को गांव लौटते समय गांव केहरवाला के पास गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।
हादसे में चालक राजेश की मौत हो गई जबकि तीन घायल हो गए। जांच अधिकारी सुनील कुमार का कहना है कि पुलिस ने इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की है।