संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। एंटी नारकोटिक्स सेल स्टाफ डबवाली ने 7.260 ग्राम हेरोइन के साथ गांव कालुआना से मोटरसाइकिल सवार दो आरोपियों श्यो और साहिल को शनिवार को गिरफ्तार किया है।
प्रभारी एएसआई रणजोध सिंह ने बताया कि 14 फरवरी को एएसआई गुरुसेवक सिंह अपनी पुलिस पार्टी के साथ गश्त करते हुए गांव कालुआना की फिरनी पर गांव गोदिकां व मानक टिब्बी रोड पर चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान गोगा मेडी की तरफ से दो मोटरसाइकिल सवार आते दिखाई दिए। संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने दोनों युवकों को काबू करके नाम-पता पूछा तो मोटरसाइकिल चालक ने अपना श्यो कुमार निवासी गांव बनवाला व दूसरे शख्स ने अपना नाम साहिल कुमार निवासी गांव बनवाला बताया। तलाशी में उनके कब्जे से 7.260 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। आरोपियों के खिलाफ थाना सदर डबवाली में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई है।