संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। साइबर क्राइम थाना टीम ने टेलीग्राम एप के जरिए साइबर ठगी करने वाले दो अन्य आरोपियों लवजोत सिंह उर्फ लव निवासी सिड्स फार्म कच्चा अबोहर, जिला फाजिल्का पंजाब व प्रिंस निवासी तनेजा कॉलोनी पीर नगर फाजिल्का को पंजाब के अबोहर क्षेत्र से रविवार को गिरफ्तार किया है।
साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर श्याम सुंदर ने बताया कि शेयर मार्केट में ट्रेडिंग कर पैसा निवेश करने के नाम पर मुनाफे का लालच देकर रानियां थाना क्षेत्र के गांव में करीब 12 लाख 22 हजार 165 रुपये का साइबर फ्रॉड किया गया था।पीड़ित व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 11 अक्तूबर 2025 को अज्ञात नंबरों से उसके मोबाइल फोन पर फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि आप हमारे टेलीग्राम एप से जुड़कर शेयर मार्केट में ट्रेडिंग कर मोटा मुनाफे का कमा सकते हो।
थाना प्रभारी ने कहा कि पीड़ित व्यक्ति साइबर अपराधियों के झांसे में आ गया। साइबर अपराधियों द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक कर कम समय में बड़ा मुनाफा कमाने के चक्कर में आ गया और धीरे-धीरे टेलीग्राम एप पर पैसे निवेश करने लगा। साइबर अपराधियों ने शुरू में पीड़ित व्यक्ति द्वारा लगाए गए पैसों को प्रॉफिट के रूप में डबल कर पीड़ित व्यक्ति के अकाउंट में पैसे भेजने शुरू कर दिए। उसने टेलीग्राम एप पर कुल 12 लाख 22 हजार 165 रुपये निवेश कर दिए।
उन्होंने बताया कि पीड़ित व्यक्ति ने अपने पैसे वापस निकालने के लिए टेलीग्राम लिंक पर क्लिक किया तो लिंक पूरी तरह से बंद हो गया।