सिरसा। लोकसभा चुनाव 2024 में सिरसा संसदीय सीट से इस बार 19 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। शनिवार को छठे चरण में 978 बूथों पर वोट डाले जाएंगे। इन बूथों पर जिले के 19,36,154 वोटर मतदान करेंगे। इनमें पुरुष 10,22,497, महिलाएं 9,13,616 और थर्ड जेंडर 41 हैं। वहीं मतदान को लेकर पोलिंग पार्टियां दोपहर बाद बूथों की तरफ रवाना हो गई।
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में शुक्रवार को ईवीएम वितरण का कार्य किया गया। अबकी बार मतदान में खास बात यह रहेगी कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है कि वे घूंघट में मतदान करने वाली महिलाओं की उनके पहचान पत्र से पहचान करेंगी। ताकि बोगस वोटिंग को रोका जा सके। बता दें कि 2019 लोकसभा चुनाव में सिरसा संसदीय सीट से 75.94 फीसदी मतदान हुआ था। भीषण कर्मी में इस बार इस वोटिंग प्रतिशत को कायम रखना प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
कमिशनिंग का काम पूरा करने के बाद स्ट्रांग रूम सील : जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय में चुनावी प्रत्याशियों व उनके एजेंट की मौजूदगी में ईवीएम की कमिशनिंग का काम पूरा कर उन्हें स्ट्रांग रूम में सील करने के बाद 24 मई को पोलिंग पार्टियों सहित मतदान के लिए रवाना कर दिया गया है। इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाई गई है।
वहीं स्ट्रांग की सुरक्षा के लिए पर्याप्त मात्रा में गार्द व निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
गर्मी से बचाव को लेकर व्यवस्था : बढ़ती गर्मी के बीच शनिवार को मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं सहित वोटर वेटिंग एरिया, धूप से बचाव के लिए टेंट की व्यवस्था, पंखे व कूलर सहित पेरामेडिकल स्टाफ भी मौजूद रहेगा। वोटर्स को मतदान केंद्र पर ज्यादा देर इंतजार न करना पड़े इसके लिए निर्वाचन आयोग द्वारा वोटर इन क्यू एप की सुविधा भी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले में मतदाता पोलिंग बूथ पर मतदान के लिए लगी लाइन को देख कर अपनी सुविधा के अनुसार मतदान के लिए आ सकते हैं।
जिले में प्रत्येक मतदान केंद्र पर वोटर की सहायता के लिए बीएलओ को वोटर असिस्टेंट बूथ बनाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि 25 मई को प्रात: 7 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू होगी। इससे पूर्व प्रात: 5:30 बजे पीठासीन अधिकारी के नेतृत्व में चुनाव में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पोलिंग एजेंट की मौजूदगी में मॉक पोल भी करवाया जाएगा।
मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है जिला प्रशासन
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिला प्रशासन के अन्य प्रयासों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि फर्स्ट टाइम वोटर को प्रोत्साहित करने के लिए जिले के सभी कॉलेज व यूनिवर्सिटी में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिले का कोई भी वोटर मतदान से अछूता न रहे इसके लिए दिव्यांग व 85 वर्ष से अधिक आयु के 1035 वोटर्स को घर बैठे बैलेट से मतदान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। इसी प्रकार पिक एंड ड्राप की सुविधा का लाभ लेने के लिए 1950 टोल फ्री नंबर पर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि जिले में सर्विस वोटर्स की संख्या 1383 है। इन सर्विस वोटरों को ई-पोस्टल बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान करने की सुविधा दी गई है।
सभी विधानसभा क्षेत्र में बनाए गए हैं पिंक, युवा और पीडब्ल्यूडी बूथ
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि युवा और पीडब्ल्यूडी बूथ बनाए गए हैं। यूथ बूथ युवा एनर्जी और पीडब्ल्यूडी (पर्सन विद डिसेबिलिटी) दिव्यांगजनों के सम्मान में तैयार किए गए है। पिंक बूथ पर महिला कर्मचारी ड्यूटी करते दिखेंगी। बूथ पर गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष सुविधाएं और माता-पिता के साथ आने वाले बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, गर्मी की स्थिति की संभावना को देखते हुए पंखे, पीने के पानी आदि की उपलब्धता के साथ कवर किए गए प्रतीक्षा क्षेत्र, मतदान के अनुभव को मतदाता के अनुकूल बनाने के लिए गुब्बारे, विशेष पोस्टर आदि का उपयोग करके सौंदर्यीकरण किया गया है। पीडब्ल्यूडी बूथ के लिए सहमति से ड्यूटी देने वाले दिव्यांग स्टाफ की नियुक्ति की गई है, ताकि केंद्रों में मतदान के लिए आने वाले दिव्यांग एवं स्टाफ को मुख्य धारा की श्रेणी में बराबर का सम्मान प्राप्त हो सके।